पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। आसपास से गुजर रहे लोगों ने ट्रैक के पास शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई
मृतक की पहचान 30 वर्षीय अनिल कुमार निवासी गांव देहरा, थाना क्षेत्र मसूरी (जनपद गाजियाबाद) के रूप में हुई है। शरीर पर गंभीर कटाव के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में किसी अन्य प्रकार के विवाद या आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं, फिर भी पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों की होगी पुष्टि
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।