
Sensation in Bahraich: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। निंदूर पुरवा गांव में एक अधजले घर से छह लोगों की लाशें बरामद की गईं। मृतकों में घर के मालिक विजय, उनकी पत्नी, दो बेटियां और दो अन्य लोग शामिल हैं। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर पुलिस, प्रशासन व फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। फायर टीम ने आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने घर को सील कर दिया है।
हत्या या हादसा? कई एंगल से हो रही पड़ताल
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि पूरे परिवार की हत्या के बाद घर में आग लगाई गई होगी। वहीं, पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। एक संभावना यह भी जताई जा रही है कि घर के अंदर पूजा के दौरान आग लगी हो, जिसकी चपेट में सभी लोग आ गए। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बिना जांच पूरी किए किसी भी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फिलहाल मामले को हत्या और हादसे दोनों एंगल से देखा जा रहा है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
पुलिस ने मृतकों के परिजनों और गांव के पड़ोसियों से पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा कर रही है। पुलिस का कहना है कि घर से बरामद सुरागों के आधार पर जल्द ही पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा फैला दिया है। लोग यह सोचकर सहमे हुए हैं कि आखिर पूरा परिवार संदिग्ध हालात में कैसे मौत के मुंह में चला गया