बुलंदशहर, कस्बा डिबाई के मंगल बाजार से लापता हुई 06 वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने सकुशल बरामद कर अपहरण की घटना का सफल अनावरण किया है. इस मामले में पुलिस ने एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. पुलिस की तत्परता और सतर्कता से महज 48 घंटे के भीतर बच्ची को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 06 जनवरी 2026 को कस्बा डिबाई के मंगल बाजार में खेलते समय 06 वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा बच्ची के अपहरण की आशंका जताते हुए थाना डिबाई पर तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पंजीकृत किया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर श्री दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में बच्ची की तलाश हेतु सात विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, जिसमें एक महिला मास्क लगाए हुए बच्ची को अपने साथ ले जाती हुई दिखाई दी. सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिनांक 08 जनवरी 2026 को मोहल्ला कस्साबान, कस्बा डिबाई से अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया तथा अपहृता बच्ची को सकुशल बरामद किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्ता ने बच्ची को नए कपड़े दिलाने का लालच देकर अपने घर ले गई थी और रातभर उसे अपने पास रखा। बच्ची के साथ की गई इस हरकत को गंभीर अपराध मानते हुए पुलिस ने मुकदमे में धारा 127(2)/115(2) बीएनएस तथा 16/17 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोत्तरी की है.
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान कहकशा पत्नी नौशाल, निवासी मोहल्ला कस्साबान, थाना डिबाई, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्ता को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है. बच्ची के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है.