मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में बॉलीवुड फिल्म 'दृश्यम' जैसी हैरान कर देने वाली हत्या का खुलासा हुआ है। एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को तालाब के पास जमीन में दफना दिया। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई—बारिश के बाद शव बाहर आ जाने के डर से आरोपी ने गड्ढा दोबारा खुदवाया और शव को फिर से गहरे में दफनाया। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की परतें खोली हैं। शुरुआती जांच में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिसमें प्रेम प्रसंग से शुरू हुई रंजिश हत्या में बदल गई। एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी रोहित परमार ने कबूला कि उसका मृतक विशाल की बहन से प्रेम संबंध था। विशाल को जब इस रिश्ते का पता चला तो उसने रोहित को बहन से दूर रहने और जान से मारने की धमकी दी। इससे गुस्साए रोहित ने अपने दोस्त वीरेंद्र के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
हत्या और दफन की ‘फिल्मी’ साजिश
1 मई की रात विशाल को छोटी खुड़ैल तालाब के पास बुलाया गया, जहां पिस्टल से उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली चलाने के दौरान वीरेंद्र भी घायल हो गया, लेकिन दोनों ने शव को मौके पर ही दफना दिया और फरार हो गए।
बारिश से डरे आरोपी, शव दोबारा दफनाया
दो दिन बाद तेज बारिश हुई, जिससे डरकर आरोपी ने शव बाहर आने की आशंका जताई। इसके बाद उसने देवास के दो लोगों को 40 हजार रुपये में गहरा गड्ढा खोदकर शव को दोबारा दफनाने का सौदा दिया। आरोपी सोनू और बबलू ने गड्ढा खोदकर शव को फिर से जमीन में छिपा दिया।
पुलिस की मुस्तैदी से खुला राज
विशाल की बहन की शिकायत के बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। फिर सूचना के आधार पर रोहित को पकड़ा गया और उसने पूरी कहानी उगल दी। पुलिस ने दूसरे स्थान से शव बरामद कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।