उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने आदर्श नगर इलाके में नाबालिग की सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश करते हुए थाना आदर्श नगर की टीम ने दो हत्या आरोपियों गौरव उर्फ कालिया, उम्र 30 वर्ष एवं विनय, उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार कर एक सनसनीखेज हत्या के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या पूर्व नियोजित थी और पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए की गई।
मेट्रो स्टेशन के पास जंगल क्षेत्र में आग लगी
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस सिकंदर सिंह ने बताया कि12 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि माजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास जंगल क्षेत्र में आग लगी है और एक बच्चे का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को मेट्रो दीवार के पास जला हुआ अज्ञात शव मिला। बाद में शव की पहचान अशोक विहार फेज-II निवासी 17 वर्षीय विष्णु के रूप में हुई।परिजनों ने बताया कि विष्णु 11 फरवरी की रात घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी बंद था।
मृतक की बहन रोशनी का बयान दर्ज किया
16 फरवरी 2026 को मृतक की बहन रोशनी का बयान दर्ज किया गया, जिसमें उसने बताया कि उसका भाई विष्णु, उम्र लगभग 17 वर्ष, 10वीं कक्षा तक शिक्षित था तथा आजादपुर क्षेत्र में गलत संगति में पड़ गया था। अगस्त 2025 में दीपक नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में उसकी संलिप्तता थी, जिसके कारण उसे जुवेनाइल होम भेजा गया था तथा 31 जनवरी .2026 को जमानत पर रिहा हुआ था। हाल के दिनों में वह परेशान दिख रहा था तथा उसने बताया था कि आजादपुर निवासी गौरव उर्फ कालिया एवं उसके साथी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। 16 फरवरी को बहन के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मिलकर हत्या की साजिश रची
इंस्पेक्टर अश्विनी, इंस्पेक्टर (एल एंड ओ), थाना आदर्श नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस के मुताबिक, 11 फरवरी की रात शराब पीने के दौरान विष्णु ने दीपक की हत्या में अपनी भूमिका का जिक्र किया और गौरव को भी जान से मारने की बात कही। दीपक को गौरव अपना चाचा मानता था। इसी से आक्रोशित होकर गौरव ने अपने साथी विनय के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
विष्णु के सिर पर पत्थर से कई वार किए
आरोप है कि दोनों ने विष्णु के सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। 17 फरवरी को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले विनय (25) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर गौरव उर्फ कालिया (30) को भी दबोचा गया। दोनों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया।पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। मामले की आगे की जांच जारी है।