सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार ने ऐसी शुरुआत की कि निवेशकों की नजरें टिक गईं। ग्लोबल बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के बीच बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स खुलते ही 450 अंकों से ज्यादा उछल गया और कुछ ही मिनटों में 85 हजार का आंकड़ा पार कर गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी पीछे नहीं रहा और 26 हजार के ऊपर मजबूती के साथ ट्रेड करता दिखा। बाजार की यह तेजी साफ संकेत दे रही थी कि निवेशकों का भरोसा लौटता नजर आ रहा है।
सेंसेक्स-निफ्टी ने पकड़ी रफ्तार
कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर 84,929 से ऊपर खुला और तेजी से 85,406 तक पहुंच गया। कुछ ही देर में इसमें 500 अंकों से ज्यादा की बढ़त देखी गई। निफ्टी ने भी सेंसेक्स के साथ कदम मिलाते हुए 26,000 के ऊपर मजबूत ओपनिंग की और 150 अंकों से ज्यादा चढ़कर 26,125 के स्तर तक पहुंच गया। इस तेज शुरुआत ने यह सवाल खड़ा कर दिया कि क्या बाजार में एक नई तेजी की शुरुआत हो चुकी है या यह सिर्फ ग्लोबल सपोर्ट का असर है।
ये भी पढ़ें : Delhi की हवा बदलेगी क्या, नई EV पॉलिसी से होगा बड़ा उलटफेर, आ गई ये धांसू रिपोर्ट
ये शेयर बने ओपनिंग के स्टार
तेजी के इस माहौल में कई बड़े शेयरों ने ओपनिंग सेशन में ही निवेशकों का ध्यान खींचा। लार्जकैप में Infosys, Tech Mahindra और Tata Steel मजबूती के साथ ट्रेड करते दिखे। मिडकैप सेगमेंट में SAIL और Ashok Leyland जैसे शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली। वहीं स्मॉलकैप शेयरों में कुछ कंपनियां 10 प्रतिशत से ज्यादा की छलांग लगाकर रॉकेट बनती नजर आईं। इससे साफ है कि तेजी सिर्फ चुनिंदा शेयरों तक सीमित नहीं रही।
ग्लोबल बाजारों का मिला सपोर्ट
भारतीय बाजार की इस तेजी के पीछे वैश्विक संकेतों का बड़ा हाथ माना जा रहा है। पिछले हफ्ते अमेरिकी बाजारों में मजबूती रही थी और सोमवार को एशियाई बाजार भी हरे निशान में खुले। जापान का Nikkei 225, हांगकांग का Hang Seng Index और दक्षिण कोरिया का KOSPI सभी मजबूत बढ़त में रहे। इसके साथ ही Gift Nifty के पॉजिटिव संकेतों ने घरेलू निवेशकों का भरोसा और मजबूत किया। अब बाजार की नजर इस बात पर है कि क्या यह तेजी पूरे हफ्ते कायम रह पाएगी या मुनाफावसूली इसे रोक देगी।