Dragonfly Superyacht : गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन की सुपरयॉट Dragonfly एक बार फिर चर्चा में है। करीब 142 मीटर लंबी यह यॉट दुनिया की सबसे बड़ी निजी सुपरयॉट्स में गिनी जाती है। इसकी कीमत लगभग 450 मिलियन डॉलर यानी करीब 4250 करोड़ रुपये बताई जाती है। आकार और सुविधाओं के कारण इसे सामान्य यॉट नहीं बल्कि चलता-फिरता लक्जरी कॉम्प्लेक्स कहा जाता है।
आम यॉट की तरह नहीं भरता ईंधन
Dragonfly का आकार इतना विशाल है कि इसे सामान्य मरीना या छोटे फ्यूल स्टेशन पर ईंधन नहीं मिल सकता। इसके लिए बड़े कमर्शियल फ्यूल टर्मिनल की जरूरत पड़ती है। हाल ही में जिब्राल्टर के एक बंकरिंग टर्मिनल पर इस यॉट को ईंधन भरवाते देखा गया, जहां बड़े समुद्री जहाजों को पाइपलाइन के जरिए ईंधन उपलब्ध कराया जाता है।
13 घंटे तक चलता है फ्यूलिंग ऑपरेशन
जिब्राल्टर के टर्मिनल पर अधिकतम 80 मीट्रिक टन प्रति घंटे की रफ्तार से ईंधन भरा जा सकता है। ऐसे में Dragonfly जैसी विशाल यॉट को पूरी तरह ईंधन भरने में करीब 13 घंटे तक का समय लग सकता है। वास्तविक समय इस बात पर निर्भर करता है कि यॉट के टैंकों में पहले से कितना ईंधन मौजूद है और कितनी मात्रा भरनी है।
ये भी पढ़ें : 11 सितंबर से पहले निपटा लें जरूरी बैंकिंग काम, 3 दिन तक प्रभावित रह सकती हैं सेवाएं
14 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है खर्च
रिपोर्ट के अनुसार यदि यॉट में 1000 मीट्रिक टन ईंधन भरा जाए तो करीब 11.6 लाख लीटर डीजल की जरूरत पड़ सकती है। मौजूदा अनुमानित दरों के हिसाब से इसकी लागत लगभग 13 से 14 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। वहीं 500 मीट्रिक टन ईंधन भरने पर भी खर्च 6 करोड़ रुपये से अधिक बैठ सकता है। यही वजह है कि Dragonfly का एक बार का फ्यूलिंग ऑपरेशन भी करोड़ों रुपये में होता है।
60 टैंकरों के बराबर डीजल
यॉट में भरे जाने वाले ईंधन की मात्रा इतनी ज्यादा है कि यदि इसे सड़क मार्ग से पहुंचाया जाए तो करीब 20 हजार लीटर क्षमता वाले लगभग 60 टैंकरों की जरूरत पड़ेगी। इतनी बड़ी सप्लाई को पूरा करने में कई घंटे नहीं बल्कि कई दिन लग सकते हैं। इसलिए ऐसी सुपरयॉट्स सीधे बंदरगाह के फ्यूल टर्मिनल से ईंधन लेती हैं।
तैरता हुआ लग्जरी महल
Dragonfly सिर्फ आकार में ही बड़ी नहीं है, बल्कि सुविधाओं के मामले में भी बेहद खास है। इसके पांच डेक पर ग्लास-बॉटम स्विमिंग पूल, स्पा, जिम, सिनेमा, गेम्स रूम, ब्यूटी सैलून, लिफ्ट और अत्याधुनिक संचार प्रणाली जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। डीजल-इलेक्ट्रिक हाइब्रिड तकनीक से चलने वाली यह यॉट लगभग 24 नॉट की अधिकतम रफ्तार हासिल कर सकती है। यही वजह है कि Dragonfly को दुनिया की सबसे शानदार और तकनीकी रूप से उन्नत निजी सुपरयॉट्स में शामिल किया जाता है।