Seva Diwas Campaign to Launched: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित होने वाले ‘सेवा दिवस’ अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने चलेगा। इसके तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और इसके लिए राज्य सरकार तथा बीजेपी संगठन ने मिलकर कार्ययोजना तैयार की है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 साल की सार्वजनिक यात्रा देश के विकास और सेवा के संकल्प को दर्शाती है।
7 अक्टूबर को पूरे होंगे 25 साल
सीएम योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के सम्मान में प्रदेश सरकार और संगठन की ओर से कई कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जिन क्षेत्रों में काम किया, उनमें स्पष्ट विजन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
गुजरात मॉडल का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय राज्य के सामने पेयजल, सूखा और कनेक्टिविटी जैसी कई चुनौतियां थीं। उनके मुताबिक, लंबी अवधि की परियोजनाओं के जरिए इन समस्याओं पर काम किया गया और गांवों तक सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया। योगी ने कहा कि गुजरात को विकास और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में देश-दुनिया के सामने एक मॉडल के रूप में स्थापित करने में इस सोच की भूमिका रही।
यह भी देखेंःBRICS Summit 2026: आज PM मोदी की कई अहम मुलाकातें, शाम को शी जिनपिंग से होगी खास बैठक
‘नए भारत’ की तस्वीर दिखाती है यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 साल की यात्रा नए भारत की तस्वीर सामने रखती है। उन्होंने वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर, कल्याणकारी योजनाओं और भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में किए गए कामों का जिक्र किया। योगी ने G20 और BRICS जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका इस बदलाव को दिखाती है। उन्होंने सोमनाथ मंदिर से जुड़े पुराने राजनीतिक विवाद का भी उल्लेख किया।
घर-घर तक पहुंचाई जाएंगी योजनाएं
उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में कई क्षेत्रों में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे। सेवा दिवस अभियान के तहत 11 प्रमुख कार्यक्रम तय किए गए हैं। मंत्रिमंडल के सदस्य और पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर योजनाओं की जानकारी देंगे और इन्हें घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।