Crime News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक ही परिवार के सात लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कैब ड्राइवर इंदुशेखर को आरोपी बनाया है। आरोप है कि उसने पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की और फिर ससुराल के छह अन्य सदस्यों को भी मौत के घाट उतार दिया। मृतकों में उसकी सास, दो साले, उनकी पत्नियां और सात साल का एक बच्चा शामिल है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात को दो दिनों के भीतर अंजाम दिया और शवों को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने की कोशिश की। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
20 साल पुरानी शादी में विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, इंदुशेखर और सुनीता की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। दोनों के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे। बताया जा रहा है कि सुनीता का अपने मायके वालों, खासकर मां और भाइयों से काफी जुड़ाव था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव रहता था। पुलिस का दावा है कि इसी पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने पत्नी और उसके मायके के लोगों को निशाना बनाने की योजना बनाई।
पहले पत्नी और फिर ससुराल के लोगों को बनाया निशाना
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की और उसके शव को कपड़े में लपेटकर नंदी हिल्स के पास छोड़ दिया। इसके बाद उसने सुनीता के मोबाइल फोन को बंद कर दिया और आसपास के लोगों को बताया कि वह बाहर गई हुई है। अगले दिन उसने अपने दोनों सालों शिवकुमार और शंकर को घर बुलाया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद उनकी भी हत्या कर दी गई। बाद में शिवकुमार की पत्नी नलिनी, शंकर की पत्नी दिव्या, सास रूपावती और सात वर्षीय पुनीत की भी हत्या किए जाने का आरोप है।
यह भी देखेंःDelhi की हवा बनी जहर, रोज 30 सिगरेट जितना खतरा! SC ने सरकार से पूछे सवाल
शव अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाने का आरोप
यह वारदात राजाजीनगर थाना क्षेत्र के भाष्यम सर्कल के पास स्थित एक रिहायशी मकान में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर घर में मौजूद सबूत मिटाने के लिए सफाई की और शवों को अपनी कैब के जरिए अलग-अलग स्थानों पर पहुंचाया। पुलिस ने चिकबल्लापुर जिले के नंदी हिल्स और चर्माडी घाट सहित कई जगहों पर तलाश अभियान चलाया है। अब तक सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद होने की जानकारी सामने आई है। अन्य शवों की तलाश जारी है।
गुमशुदगी की शिकायत से खुला हत्याकांड
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब नलिनी की मां ने श्रीरामपुरा पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने इंदुशेखर से पूछताछ की। उसके बयानों में विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस का शक गहराया। घर की तलाशी में पुलिस को अहम सुराग मिले। कथित वारदात में इस्तेमाल किया गया सिलबट्टा और कैब भी पुलिस ने जब्त कर ली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अकेले इस वारदात को अंजाम दिया या किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी मदद की थी। साथ ही रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी घटना की जानकारी आसपास के लोगों को क्यों नहीं हो सकी, इसकी भी जांच की जा रही है।