India and Belgium Relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ मुलाकात की। इसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में हुए समझौतों और फैसलों की जानकारी दी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और बेल्जियम के रिश्ते साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, मजबूत अर्थव्यवस्था और आपसी संपर्क पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच हुई चर्चा से संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री ने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बेल्जियम में भारतीय सैनिकों के योगदान और बलिदान को भी साझा इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
पीएम मोदी ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को दोनों देशों के रिश्तों का अहम आधार बताया। उन्होंने कहा कि भारत और बेल्जियम के बीच सैन्य आदान-प्रदान और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ाने के लिए समझौतों को अंतिम रूप दिया गया है। दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ने से नए विकास और निर्माण के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इसके अलावा खुफिया जानकारी साझा करने और अपराध से निपटने के लिए आपसी सहयोग को मजबूत करने पर भी सहमति बनी है।
पांच साल में व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने कहा कि बेल्जियम की कंपनियों के लिए भारत में निवेश को आसान बनाने के उद्देश्य से फास्ट-ट्रैक मैकेनिज्म तैयार किया गया है। दोनों देशों ने भारत-बेल्जियम बिजनेस फोरम को नियमित मंच के रूप में विकसित करने का भी फैसला किया है। वित्तीय, फिनटेक और नियामक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनी है। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य भी तय किया है।
सेमीकंडक्टर और स्टार्टअप पर बढ़ेगा सहयोग
पीएम मोदी ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में बेल्जियम की तकनीकी विशेषज्ञता और भारत की बड़ी उत्पादन क्षमता को एक-दूसरे का पूरक बताया। उन्होंने कहा कि बेल्जियम के आईएमईसी संस्थान को भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही दोनों देशों के स्टार्टअप के बीच संपर्क बढ़ाने और समुद्री क्षेत्र में क्षमता निर्माण को मजबूत करने पर भी सहमति बनी है। नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े समझौते को भी प्रधानमंत्री ने टिकाऊ विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
भारत की आर्थिक वृद्धि पर भी बोले पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक स्तर पर जारी संघर्ष और आर्थिक अनिश्चितताओं का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया इस समय कई चुनौतियों से गुजर रही है। खाद्य, ईंधन और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े क्षेत्रों में भी अनिश्चितता बनी हुई है। इसके बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था अपनी रफ्तार बनाए हुए है। पीएम मोदी के मुताबिक, भारत ने पिछली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा दुनिया के लिए भरोसे और नए अवसरों का स्रोत बन रही है।