Delhi News: आचार्य निकेतन इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब “आनंद फास्ट फूड” से मॉमोज खाने के बाद कई लोग बीमार पड़ गए। स्थानीय लोगों की शिकायत पर सामने आया कि दुकान का खाना खाने के बाद अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद सभी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
खाद्य सामग्री को जब्त कर नष्ट कर दिया गया
बीमार लोगों को इलाज के लिए कुकरेजा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे मैक्स अस्पताल रेफर किया गया है। शिकायत मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और निगम पार्षद रेनू चौधरी पीएचआई व एमसीडी की टीम के साथमौके पर पहुंचकर दुकान पर छापेमारी की। जांच के दौरान मौके पर मौजूद खाद्य सामग्री को जब्त कर नष्ट कर दिया गया।
दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी
कार्रवाई के दौरान दुकानदार मौके से फरार हो गया और बुलाने पर भी उपस्थित नहीं हुआ। इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों को बाहर का खाना खाने से बचाएं
प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि बच्चों को बाहर का खाना खाने से बचाएं। यदि बाहर खाना खाएं भी, तो उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। इस घटना ने इलाके में खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।