King Movie : शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म की रिलीज में अभी कुछ महीने बाकी हैं, लेकिन फैंस लगातार इससे जुड़ी नई जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच शाहरुख खान ने अपने प्रशंसकों को खास तोहफा देते हुए फिल्म का एक दमदार डायलॉग सुनाया है।
आस्क मी एनीथिंग में पूछा गया सवाल
सोशल मीडिया पर आयोजित एक इंटरैक्टिव सत्र के दौरान एक प्रशंसक ने शाहरुख खान से ‘किंग’ का कोई डायलॉग सुनाने की मांग की। फैन ने लिखा कि दिसंबर अभी काफी दूर है और अब इंतजार करना मुश्किल हो रहा है। इस पर शाहरुख ने अपने अंदाज में जवाब देते हुए एक वीडियो साझा किया।
‘किंग’ का दमदार डायलॉग
वीडियो में शाहरुख खान ने कहा कि क्योंकि हर कोई पूछ रहा है, इसलिए वह फिल्म से कुछ सुनाना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने कहा, “पिक्चर अभी बाकी है, किंग अकेला काफी है।” डायलॉग सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ गया।
24 दिसंबर को होगी रिलीज
शाहरुख खान ने वीडियो में यह भी याद दिलाया कि ‘किंग’ 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है और अब डायलॉग सामने आने के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। फैंस ट्रेलर और गानों का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
स्टारकास्ट में कई बड़े नाम
‘किंग’ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पहली बार शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। इसके अलावा अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, दीपिका पादुकोण और अनिल कपूर जैसे बड़े कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : महिलाओं की सेहत से जुड़ी 5 बातें, जिन्हें भूलकर भी न करें नजरअंदाज
शाहरुख की वापसी पर टिकी निगाहें
‘डंकी’ के बाद शाहरुख खान बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। ऐसे में ‘किंग’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। टीजर को पहले ही अच्छा प्रतिसाद मिल चुका है और अब एक छोटे से डायलॉग ने भी यह संकेत दे दिया है कि फिल्म में शाहरुख का अंदाज पहले से कहीं ज्यादा दमदार और अलग देखने को मिल सकता है।