Shahjahanpur Temple Double Murder : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुदागंज इलाके के सूथा गांव में स्थित एक शिव मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद दोनों के शवों को मंदिर परिसर में ही जला दिया गया। सुबह मंदिर से धुआं उठता देखकर गांव के लोग वहां पहुंचे, तब घटना का पता चला। मृतकों की पहचान गोपाल दास और बिहारी दास के रूप में हुई है। दोनों साधु मंदिर में ही रहते थे।
सुबह धुआं देखकर मंदिर पहुंचे ग्रामीण
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 7 बजे गांव के लोगों ने मंदिर की ओर से धुआं उठता देखा। जब लोग वहां पहुंचे तो स्थिति देखकर उनके होश उड़ गए। एक साधु का शव आग में जल रहा था, जबकि दूसरे का शव पूरी तरह जल चुका था। दोनों शवों के बीच करीब 10 मीटर की दूरी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मंदिर में रहने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर में रहने और वहां अपना अधिकार जताने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गांव के एक व्यक्ति सुमित का नाम शिकायत में सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि वह कुछ दिनों से दोनों साधुओं के संपर्क में था। आरोप है कि उसने साधुओं से मंदिर छोड़ने को कहा था और वहां खुद रहने की बात कही थी। हालांकि हत्या की असली वजह और पूरी घटना कैसे हुई, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के मुताबिक, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए गए हैं। नामजद आरोपी सुमित को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : खुद पर चाकू से हमला, फिर भी नहीं छोड़ा कॉकपिट; भारतीय पायलट की बहादुरी पर नेतन्याहू ने कही बड़ी बात
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा पूरा राज
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों साधुओं की मौत आग में जलने से हुई या उससे पहले ही उनकी हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से इस सवाल का जवाब मिलने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले सबूतों और पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद सूथा गांव में तनाव और डर का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी कहानी सामने लाने की कोशिश की जा रही है।