Shani Gochar 2027: साल 2027 शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में हर कोई जानना चाहता है कि नया साल उसके जीवन में कैसी परिस्थितियां लेकर आएगा। ज्योतिष शास्त्र में शनि की चाल को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। शनि देव को कर्मों के अनुसार फल देने वाला ग्रह कहा जाता है। उनकी स्थिति में बदलाव का असर सभी 12 राशियों पर किसी न किसी रूप में देखने को मिलता है। साल 2027 में शनि के राशि परिवर्तन से कुछ जातकों को लंबे समय से चल रही साढ़े साती से राहत मिलेगी, जबकि कुछ राशियों पर इसका नया चरण शुरू हो जाएगा। पंचांग के अनुसार, 3 जून 2027 को शनि देव मेष राशि में गोचर करेंगे। आइए जानते हैं कि इस बदलाव से किन राशियों को फायदा मिल सकता है और किन्हें सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
कुंभ राशि वालों का खत्म होगा साढ़े साती का प्रभाव
साल 2027 कुंभ राशि के जातकों के लिए राहत लेकर आ सकता है। 3 जून को शनि के मेष राशि में प्रवेश करने के साथ ही इस राशि पर चल रही साढ़े साती समाप्त हो जाएगी। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इसके बाद जीवन में लंबे समय से बनी रुकावटें धीरे-धीरे दूर हो सकती हैं। अटके हुए काम पूरे होने के रास्ते खुलेंगे। नौकरी और कारोबार में मेहनत का बेहतर परिणाम मिलने की संभावना है। आमदनी के नए अवसर मिल सकते हैं और आर्थिक स्थिति पहले से मजबूत हो सकती है।
वृषभ राशि पर शुरू होगा साढ़े साती का पहला चरण
शनि का यह राशि परिवर्तन वृषभ राशि के जातकों के लिए थोड़ा चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। 3 जून 2027 से इस राशि पर साढ़े साती का पहला चरण शुरू होगा। इस दौरान अनावश्यक खर्च बढ़ने और आर्थिक मामलों में दबाव महसूस होने की आशंका है। कामकाज में भी कुछ बाधाएं आ सकती हैं। कारोबार से जुड़े लोगों को निवेश और लेनदेन के मामलों में विशेष सावधानी रखनी होगी। तनाव और नींद से जुड़ी परेशानियां भी हो सकती हैं। ऐसे में जल्दबाजी में फैसले लेने से बचना बेहतर रहेगा।
मेष और मीन राशि पर भी जारी रहेगी साढ़े साती
साल 2027 में मेष और मीन राशि के जातकों को भी शनि के प्रभाव से पूरी तरह राहत नहीं मिलेगी। मेष राशि वालों पर 3 जून से साढ़े साती का दूसरा चरण शुरू होगा। वहीं मीन राशि के जातक इसके अंतिम चरण में प्रवेश करेंगे। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इन दोनों राशियों के लोगों को अपने काम, आर्थिक फैसलों और पारिवारिक मामलों में धैर्य बनाए रखना होगा। किसी भी काम में जल्दबाजी करने के बजाय सोच-समझकर आगे बढ़ना फायदेमंद रहेगा।
कन्या और मकर राशि वालों पर रहेगी शनि ढैय्या
साल 2027 में शनि के गोचर का असर कन्या और मकर राशि के जातकों पर भी पड़ेगा। इन दोनों राशियों पर शनि ढैय्या का प्रभाव शुरू होगा। इसके चलते मानसिक तनाव, कामकाज में रुकावट और अचानक बढ़ने वाले खर्चों का सामना करना पड़ सकता है। पारिवारिक जीवन में भी छोटी-छोटी बातों पर मतभेद होने की आशंका रहेगी। इस दौरान अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना और धैर्य के साथ परिस्थितियों का सामना करना जरूरी होगा।