वैदिक ज्योतिष में शनि को कर्म और न्याय से जोड़कर देखा जाता है। माना जाता है कि शनि व्यक्ति को उसके कर्मों के अनुसार परिणाम देते हैं। कुंडली में शनि की महादशा का प्रभाव लंबे समय तक रहता है और इसकी कुल अवधि 19 वर्ष बताई गई है। इस दौरान अलग-अलग ग्रहों की अंतर्दशाएं भी आती हैं,जिनका प्रभाव व्यक्ति के जीवन के विभिन्न क्षेत्रों पर पड़ सकता है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार शनि की महादशा में सूर्य और राहु की अंतर्दशा का समय अपेक्षाकृत कठिन माना जाता है। इस अवधि में व्यक्ति को करियर,रिश्तों,स्वास्थ्य,मानसिक स्थिति और अपने व्यवहार से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, यह समय आत्मअनुशासन और धैर्य की परीक्षा लेने वाला भी माना जाता है। मान्यता है कि इन परिस्थितियों से सीख लेकर आगे बढ़ने वाला व्यक्ति बाद में बेहतर परिणाम हासिल कर सकता है।
शनि की महादशा में सूर्य की अंतर्दशा
शनि और सूर्य को ज्योतिष में एक-दूसरे के विरोधी ग्रह माना जाता है। इसी वजह से शनि की मुख्य दशा के दौरान सूर्य की अंतर्दशा को सावधानी वाला समय माना जाता है। इस दौरान नौकरी या कारोबार में परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं। कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों या सहकर्मियों के साथ विचारों का टकराव होने की स्थिति बन सकती है। कई बार व्यक्ति अपने फैसलों को लेकर जरूरत से ज्यादा दृढ़ हो सकता है, जिसका असर पेशेवर संबंधों पर पड़ सकता है। पारिवारिक जीवन में भी पिता या किसी वरिष्ठ व्यक्ति के साथ मतभेद उभरने की संभावना बताई जाती है। स्वास्थ्य को लेकर भी लापरवाही नुकसानदेह हो सकती है। गुस्सा, अधीरता और अपनी बात मनवाने की प्रवृत्ति इस अवधि में परेशानियां बढ़ा सकती है। ज्योतिषीय मान्यता है कि यदि व्यक्ति इस दौरान संयम बनाए रखे, अपने व्यवहार में विनम्रता रखे और जिम्मेदारियों से पीछे न हटे तो परिस्थितियों को संभालना आसान हो सकता है। नियमित मेहनत, अनुशासन और बुजुर्गों के प्रति सम्मान को इस अवधि में महत्वपूर्ण माना जाता है। माना जाता है कि कठिन दौर बीतने के बाद सकारात्मक अवसर सामने आ सकते हैं।
शनि की महादशा में राहु की अंतर्दशा
शनि के साथ राहु की अंतर्दशा को भी ज्योतिष में चुनौतीपूर्ण संयोजन माना जाता है। इस समय जीवन में अचानक ऐसे बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जिनकी व्यक्ति ने पहले से कल्पना न की हो। काम बनते-बनते रुक सकते हैं और योजनाओं में अनिश्चितता पैदा हो सकती है। इस अवधि में मानसिक बेचैनी और किसी अनजानी बात को लेकर डर महसूस होने की बात भी ज्योतिषीय ग्रंथों में कही जाती है। गलत लोगों की संगति या जल्दबाजी में लिए गए फैसले परेशानी बढ़ा सकते हैं। राहु के प्रभाव के कारण व्यक्ति नियमों को नजरअंदाज करने या शॉर्टकट अपनाने की ओर आकर्षित हो सकता है। ऐसे समय में सही और गलत के बीच फर्क बनाए रखना जरूरी माना जाता है। धैर्य के साथ फैसले लेना, गलत संगति से दूरी रखना और अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित बनाए रखना मददगार हो सकता है। ज्योतिषीय मान्यताओं में योग, ध्यान और आध्यात्मिक गतिविधियों को भी मानसिक स्थिरता के लिए उपयोगी बताया गया है। कुल मिलाकर शनि की महादशा में सूर्य और राहु की अंतर्दशा को आत्ममंथन और अनुशासन की अवधि के तौर पर देखा जाता है। मान्यता है कि व्यक्ति यदि इस दौरान गलत रास्तों से बचते हुए मेहनत और धैर्य के साथ आगे बढ़े, तो चुनौतीपूर्ण समय के बाद जीवन में नए अवसर और उपलब्धियां प्राप्त हो सकती हैं।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है loksatya इसकी पुष्टि नहीं करता है।