
Reincarnation Case Of Shanti Devi : भारत की भूमि आध्यात्मिकता और रहस्यों से भरपूर रही है. यहां पुनर्जन्म की अवधारणा को सदियों से मान्यता प्राप्त है. परंतु जब यह अवधारणा किसी जीवित उदाहरण के रूप में सामने आती है, तो वह समाज और विज्ञान दोनों के लिए आश्चर्य का विषय बन जाती है. ऐसा ही एक चर्चित मामला था – शांति देवी का पुनर्जन्म केस, जिसे आज भी दुनिया के सबसे विश्वसनीय और प्रामाणिक पुनर्जन्म मामलों में गिना जाता है.
शांति देवी कौन थीं?
शांति देवी का जन्म 11 दिसंबर 1926 को दिल्ली के एक सामान्य परिवार में हुआ था. जब वह मात्र चार वर्ष की थीं, तब उन्होंने ऐसे तथ्य और बातें बतानी शुरू कर दीं जो उनके माता-पिता के लिए बिल्कुल अनजानी थीं। शांति देवी अक्सर "मेरा असली घर मथुरा में है" और "मेरे पहले पति का नाम केदारनाथ है" जैसी बातें कहती थीं. वह बताती थीं कि उनका पहले का नाम 'लुगदी देवी' था और उनकी मृत्यु बच्चे को जन्म देते समय हुई थी.
पिछले जीवन की यादें और विवरण
शांति देवी ने अपने पिछले जीवन की अनेक घटनाओं को इतनी स्पष्टता से बताया कि हर कोई हैरान रह गया. उन्होंने मथुरा के रास्ते, घर का विवरण, केदारनाथ की दुकान, उनके बेटे का नाम और यहां तक कि अपने मृत्यु के समय की स्थिति को भी विस्तार से बताया. उनकी बातों को सुनकर एक बार तो परिवार वालों ने उन्हें भ्रम समझा, परंतु जब जांच की गई, तो कई बातें सच निकलीं.
केदारनाथ से मिलन और पहचान
शांति देवी के माता-पिता ने उनके कहने पर मथुरा के व्यापारी केदारनाथ को पत्र लिखा। जब केदारनाथ दिल्ली आए और शांति देवी से मिले, तो उन्होंने तुरंत उन्हें पहचान लिया. केदारनाथ भी यह देखकर चौंक गए कि यह छोटी बच्ची उनके मृत पत्नी लुगदी देवी की हर बात जानती है. शांति देवी ने केदारनाथ को उनके जीवन की कई निजी बातें बताईं, जो केवल पति-पत्नी के बीच होती हैं. इससे पूरे परिवार और समाज में सनसनी फैल गई.
जांच और महात्मा गांधी की रुचि
यह मामला इतना चर्चा में आया कि महात्मा गांधी तक को इसकी जानकारी दी गई. उन्होंने इस पर जांच समिति गठित की. जांच समिति में कई प्रसिद्ध लोग, डॉक्टर्स और पत्रकार शामिल थे. वे शांति देवी को मथुरा ले गए, जहां उन्होंने अपने पुराने घर को बिना बताए पहचान लिया, और आसपास के लोगों को भी ठीक-ठीक बताया. समिति ने अपनी रिपोर्ट में माना कि शांति देवी के दावे बहुत हद तक सच प्रतीत होते हैं.
विज्ञान बनाम आस्था
शांति देवी का यह मामला पुनर्जन्म की अवधारणा पर एक बड़ी बहस का कारण बना. एक ओर जहां वैज्ञानिक दृष्टिकोण से इसे संयोग और मानसिक भ्रम कहा गया, वहीं दूसरी ओर धार्मिक और आध्यात्मिक पक्ष ने इसे पुनर्जन्म का जीवंत प्रमाण माना. आज भी यह केस उन गिने-चुने मामलों में शामिल है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गंभीरता से लिया गया.
शांति देवी का पुनर्जन्म केस सिर्फ एक छोटी बच्ची की कहानी नहीं है, बल्कि यह आत्मा के अस्तित्व, जीवन और मृत्यु के बाद की यात्रा पर गहरा प्रश्नचिन्ह है. यह मामला आज भी शोध का विषय बना हुआ है और पुनर्जन्म में विश्वास रखने वालों के लिए एक प्रेरणा की तरह है. विज्ञान भले ही हर रहस्य को सिद्ध न कर पाए, परंतु कुछ सच्चाइयाँ अनुभवों से बड़ी होती हैं – और शांति देवी की कहानी इसका जीता-जागता प्रमाण है.