STOCK MARKET UPDATE ---भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। चार कारोबारी दिनों की कमजोरी के बाद सेंसेक्स खुलते ही करीब 600 अंक चढ़ गया, जबकि निफ्टी भी हरे निशान में मजबूत बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया। बाजार की इस तेजी में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा ट्रेंट, टाइटन और बजाज जैसे बड़े शेयरों का अहम योगदान रहा। वहीं, बीएसई के ज्यादातर शेयरों में खरीदारी का माहौल दिखाई दिया।
चार दिन बाद बाजार में लौटी रौनक
शुक्रवार को कारोबार की शुरुआत से ही घरेलू शेयर बाजार में खरीदारी का जोर रहा। सेंसेक्स 594 अंक की बढ़त के साथ 76,746.80 के स्तर तक पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी भी 76.4 अंक चढ़कर 23,949.85 के हाई लेवल पर पहुंचा। बीएसई के टॉप-30 शेयरों में केवल तीन शेयर गिरावट में रहे, जबकि 27 शेयरों में तेजी दर्ज की गई।
रिलायंस समेत इन शेयरों ने संभाला मोर्चा
तेजी के दौरान टाटा ट्रेंट सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले शेयरों में रहा, जिसमें 2.41 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई। इसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर करीब 2 फीसदी चढ़े। इंडिगो, बीईएल और बजाज के शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। लार्जकैप शेयरों में मजबूती ने बाजार के सेंटीमेंट को और बेहतर किया।
मार्केट कैप में करीब 2 लाख करोड़ का इजाफा
बाजार में तेजी का असर कुल मार्केट कैप पर भी दिखाई दिया। बीएसई का मार्केट कैप करीब 2 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 489.06 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान 2,205 शेयर तेजी में रहे, जबकि 1,246 शेयर गिरावट पर कारोबार करते दिखे। 130 शेयरों ने 52 हफ्ते का नया हाई बनाया।
इन स्टॉक्स में 10 फीसदी तक उछाल
कुछ शेयरों में बाजार की तेजी से भी ज्यादा जोरदार खरीदारी देखने को मिली। Puravankara के शेयर करीब 10 फीसदी चढ़कर 232 रुपये पर पहुंच गए। HBL Engineering में करीब 8 फीसदी की तेजी रही और शेयर 714 रुपये पर कारोबार करता दिखा। Tejas Networks में भी करीब 8 फीसदी का उछाल आया। IFCI और Angel One में करीब 5 फीसदी, जबकि PhysicsWallah के शेयर में लगभग 4 फीसदी की तेजी दर्ज हुई।
रुपये की मजबूती और लार्जकैप शेयरों का असर
बाजार में आई तेजी के पीछे कई वजहें मानी जा रही हैं। विदेशी निवेशकों की भारतीय बाजार में बढ़ती हिस्सेदारी के बीच रुपये में भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मजबूती देखने को मिली। इसके अलावा रिलायंस, टाइटन और बजाज जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी ने बाजार को ऊपर ले जाने में अहम भूमिका निभाई। इससे निवेशकों के बीच सकारात्मक माहौल बना हुआ है।