Sheer Khurma Recepie: ईद का त्योहार सिर्फ इबादत और मिलने-जुलने का नहीं, बल्कि प्यार और स्वाद से भरी खास रसोई का भी नाम है. इस मौके पर बनी हर चीज़ में एक खास अपनापन होता है, लेकिन जब बात मीठे की हो, तो शीर खुरमा का ज़िक्र सबसे पहले आता है. यह पारंपरिक डिश दूध, सेवईं, मेवे और खजूर से बनी होती है, जिसे खाने से न सिर्फ जुबान मीठी होती है, बल्कि दिल भी भर आता है. चलिए जानते हैं कि इस खास मौके पर बनने वाला यह लाजवाब मिठा पकवान कैसे तैयार किया जाता है.
शीर खुरमा बनाने के लिए सबसे पहले 1 लीटर फुल क्रीम दूध को एक भारी तले वाले बर्तन में धीमी आंच पर उबालें. जब दूध थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तो उसमें 10-12 कटे हुए खजूर (डेट्स) और 2-3 टेबलस्पून धुले हुए सेवईं डालें. कुछ लोग भुनी हुई सेवईं का भी इस्तेमाल करते हैं जिससे स्वाद और भी निखर जाता है. अब इसमें 2-3 टेबलस्पून चीनी मिलाएं (स्वादानुसार कम-ज्यादा कर सकते हैं). फिर इसमें 10-15 किशमिश, 8-10 काजू, बादाम और पिस्ता के टुकड़े डालें. आप चाहें तो थोड़ा सा घी में इन ड्राय फ्रूट्स को भून कर डाल सकते हैं जिससे शीर खुरमा का स्वाद और भी भरपूर हो जाता है.
जब सेवईं पूरी तरह से पक जाए और दूध थोड़ा और गाढ़ा हो जाए, तो आखिर में 1/4 चम्मच इलायची पाउडर डालें और हल्के हाथ से मिला दें. चाहें तो गुलाब जल या केवड़ा जल की कुछ बूँदें भी खुशबू के लिए डाल सकते हैं. शीर खुरमा तैयार है — आप इसे गर्म या ठंडा, दोनों तरह से परोस सकते हैं.
शीर खुरमा न सिर्फ एक मिठा पकवान है, बल्कि यह उस मिठास का प्रतीक है जो ईद के मौके पर रिश्तों में घुलती है. हर चम्मच के साथ आपको सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि दादी-नानी की यादें, बचपन की ईद और अपनों की मुस्कान भी महसूस होगी. तो इस ईद पर अपने घर में ज़रूर बनाइए शीर खुरमा और बांटिए मिठास अपने सबसे करीबियों के साथ.