
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज शिखर धवन को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को पूछताछ के लिए बुलाया। मामला ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़ा है। धवन सुबह करीब 11 बजे ईडी दफ्तर पहुंचे, जहां उनसे लंबे समय तक पूछताछ की गई। धवन पर आरोप है कि वे 1X ऐप को प्रमोट कर रहे थे, जो अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म्स से जुड़ा बताया जा रहा है।
क्रिकेटर सुरेश रैना से भी ईडी कर चुकी पूछताछ
इससे पहले इसी केस में क्रिकेटर सुरेश रैना से भी ईडी ने पूछताछ की थी। रैना को दिसंबर 2023 में बेटिंग ऐप 1xBet ने अपना गेमिंग एंबेसेडर बनाया था। उस समय कंपनी ने दावा किया था कि रैना जिम्मेदारी के साथ गेमिंग और बेटिंग को बढ़ावा देंगे। हालांकि, अब इस साझेदारी पर सवाल खड़े हो गए हैं और ईडी इसकी गहन जांच कर रही है।
ईडी ने पिछले कुछ महीनों में बढ़ाया जांच का दायरा
सूत्रों के मुताबिक, ईडी ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म्स के जरिए हुए संभावित वित्तीय लेन-देन और निवेश की जांच कर रही है। शिखर धवन से पूछताछ भी इसी सिलसिले में हुई। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि किन-किन सेलेब्रिटीज और खिलाड़ियों ने ऐसे प्लेटफॉर्म्स के साथ विज्ञापन या प्रमोशन के जरिए आर्थिक लेन-देन किया है।
गौरतलब है कि ईडी ने पिछले कुछ महीनों में अपनी जांच का दायरा काफी बढ़ा दिया है। सिर्फ क्रिकेटर्स ही नहीं, बल्कि फिल्मी हस्तियां भी इस घेरे में आ चुकी हैं। एजेंसी हरभजन सिंह, युवराज सिंह, सोनू सूद और उर्वशी रौतेला से भी पूछताछ कर चुकी है। ये सभी या तो सीधे या फिर अप्रत्यक्ष रूप से ऐसे बेटिंग ऐप्स के विज्ञापनों में शामिल रहे हैं।
ये भी पढ़ें : गर्भावस्था में ये दो गोलियां क्यों बन जाती हैं ज़रूरी? जानिए डॉक्टरों की राय
भारतीय कानून का हो रहा खुला उल्लंघन
खबरों के अनुसार, ये अवैध प्लेटफॉर्म्स अलग-अलग नामों से विज्ञापन करते हैं, जैसे 1xbat या 1xbat sporting lines। इन विज्ञापनों में अक्सर QR कोड दिए जाते हैं, जो सीधे यूजर्स को सट्टेबाजी वेबसाइटों पर ले जाते हैं। भारतीय कानून में बेटिंग और सट्टेबाजी पर रोक है, इसलिए इसे खुला उल्लंघन माना जा रहा है।
फर्जी एल्गोरिदम का इस्तेमाल कर लगा रहे यूजर्स को चूना
कंपनियां खुद को स्किल-बेस्ड गेमिंग प्लेटफॉर्म बताकर प्रचार करती हैं, लेकिन जांच में सामने आया है कि वे फर्जी एल्गोरिदम का इस्तेमाल कर यूजर्स से पैसा वसूलती हैं। ऐसे में अब सवाल यह है कि खिलाड़ियों और सेलेब्रिटीज ने जानबूझकर इन प्लेटफॉर्म्स को प्रमोट किया या वे भी इनके झांसे में आ गए।
शिखर धवन और सुरेश रैना से हुई पूछताछ के बाद माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी नाम इस जांच में सामने आ सकते हैं। ईडी की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि सरकार ऐसे अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क को लेकर सख्त रुख अपनाने वाली है।