इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम हनीमून के लिए शिलांग गए थे, जहां दोनों 23 मई से लापता थे। 8 दिन की तलाश के बाद सोमवार को राजा का शव गहरी खाई में मिला है, जबकि सोनम की तलाश अब भी जारी है।
8 दिन बाद लापता मामले में बड़ी अपडेट
इंदौर के साकार नगर (कैट रोड) निवासी राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून मनाने मेघालय के शिलांग गए थे। 23 मई से दोनों का कोई सुराग नहीं मिल रहा था। सोमवार को स्थानीय पुलिस की सर्च टीम को राजा का शव एक गहरी खाई में मिला। फिलहाल, सोनम की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
दुनिया की सबसे अधिक वर्षा वाले इलाके में मिला शव
राजा का शव जिस खाई में मिला है, वह इलाका दुनिया में सबसे ज्यादा बारिश के लिए जाना जाता है। पुलिस का कहना है कि रघुवंशी दंपति ने आखिरी बार ओशरा हिल्स क्षेत्र में एक इंस्टाग्राम रील बनाई थी, उसी रील के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस कर सर्चिंग की जा रही थी।
23 मई से बंद था संपर्क
23 मई से राजा और सोनम का परिजनों से कोई संपर्क नहीं था। सोशल मीडिया पर डाली गई उनकी आखिरी रील के बाद दोनों लापता हो गए थे। उसी वीडियो को सुराग मानकर पुलिस उस स्थान पर सर्च ऑपरेशन चला रही थी।
भाई भी पहुंचे शिलांग, गाइड और होटल वालों पर लगाए आरोप
दंपति के लापता होने की खबर मिलते ही राजा और सोनम के भाई शिलांग पहुंचे और स्थानीय पुलिस के साथ सर्चिंग में शामिल हो गए। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें वहां के गाइड और होटल वालों ने धमकाया और मदद नहीं की। साथ ही, सर्च ऑपरेशन की गति और व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए हैं।
--
आखिरी रील बना सुराग, सोनम की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई आखिरी रील में जो स्थान दिख रहा है, वही इस जांच का केंद्र बना हुआ है। उसी क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि सोनम का कोई सुराग मिल सके।