दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान हुए शर्टलेस प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब भी शामिल हैं। यह प्रदर्शन 20 फरवरी को समिट के दौरान किया गया था, जिसने काफी विवाद खड़ा कर दिया था।
पुलिस का दावा: साजिश के पुख्ता सबूत
क्राइम ब्रांच के विशेष आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में कहा कि अब तक की जांच में यह सामने आया है कि यह घटना किसी अचानक विरोध का परिणाम नहीं थी, बल्कि इसके पीछे गहरी साजिश के संकेत मिले हैं। पुलिस के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच अब क्राइम ब्रांच की इंटरस्टेट सेल को सौंप दी गई है ताकि पूरे नेटवर्क और साजिश की कड़ी को समझा जा सके।
कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला
इस घटना के बाद तिलक मार्ग थाने में बीएनएस की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों पर 61(2), 121(1), 132, 190, 195(1), 221, 223(ए), 196, 197 और 3(5) जैसी धाराएं लगाई गई हैं। इनमें से धारा 196 गैर-जमानती है, जो धर्म, जाति या भाषा के आधार पर दुश्मनी फैलाने से जुड़ी है। पुलिस ने सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की है।
रिमांड पर पूछताछ जारी
उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। उनके अलावा युवा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी भी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और अगर जरूरत पड़ी तो अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। इस वैश्विक आयोजन के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है और मामले ने तूल पकड़ लिया है।