बुलंदशहर, बुलंदशहर के थाना शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र से सामने आए शिवम वर्मा हत्याकांड में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नगर के साठा निवासी शिवम वर्मा की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई थी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी विक्की गुप्ता है। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक शिवम वर्मा के आरोपी विक्की गुप्ता की पत्नी से अवैध संबंध थे। वर्ष 2024 में शिवम वर्मा आरोपी की पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था, हालांकि बाद में पुलिस ने महिला को बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया था। इसके बावजूद शिवम वर्मा का आरोपी की पत्नी से मिलना-जुलना जारी रहा, जिससे विक्की गुप्ता मानसिक रूप से परेशान और क्षुब्ध था।
इसी रंजिश के चलते विक्की गुप्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिवम वर्मा की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को विक्की गुप्ता ने अपने साथी मनीष, राहुल, दिलशाद और दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर शिवम वर्मा की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को शिकारपुर क्षेत्र के गांव बादशाहपुर स्थित काली नदी में फेंक दिया।
कई दिनों तक शिवम वर्मा का कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। थाना शिकारपुर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। एसपी देहात डॉ तेजवीर सिंह ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।