
Shivraj Singh Emotional Memories: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देशभर से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बधाई दी और उनसे अपनी पहली मुलाकात का दिलचस्प किस्सा साझा किया। शिवराज ने बताया कि उनकी और मोदी जी की पहली भेंट 1992-93 में हुई थी, जब भारतीय जनता पार्टी ने कन्याकुमारी से लेकर श्रीनगर तक "एकता यात्रा" निकालने का फैसला किया था। इस यात्रा का नेतृत्व डॉ. मुरली मनोहर जोशी कर रहे थे और पूरी जिम्मेदारी नरेंद्र मोदी को सौंपी गई थी।
लाल चौक पर तिरंगा फहराने का संकल्प
शिवराज सिंह ने बताया कि उस समय कश्मीर घाटी में आतंक का असर गहराई से था और लाल चौक पर तिरंगा फहराना असंभव सा प्रतीत हो रहा था। लेकिन 26 जनवरी को जब यात्रा श्रीनगर पहुंची, तो मोदी जी के प्रबंधन और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण डॉ. जोशी ने लाल चौक पर तिरंगा फहराया। शिवराज बोले, "मैं भी उस यात्रा का हिस्सा था और पहली बार मोदी जी को नजदीक से देखा। उनमें जुनून और जिद थी कि हर हाल में लाल चौक पर तिरंगा लहराना है।"
मोदी जी की संवेदनशीलता का पहला अनुभव
कृषि मंत्री ने आगे बताया कि सुरक्षा कारणों से जब हजारों कार्यकर्ताओं को लाल चौक जाने से रोका गया, तो उनमें निराशा और गुस्सा था। बाद में मोदी जी जब जम्मू लौटे और कार्यकर्ताओं से मिले, तो उनकी आंखें भर आईं। शिवराज ने कहा, "मैंने पहली बार देखा कि कठोर अनुशासन और मजबूत इरादों वाले मोदी जी अंदर से कितने संवेदनशील इंसान हैं। उस रात वह सो नहीं पाए और लगातार रोते रहे। दर्द सिर्फ इतना था कि उनके साथी कार्यकर्ता श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने के साक्षी नहीं बन सके।"