भोपाल। शिवराज के संकेत: "मध्यप्रदेश में मेरा समय समाप्त हो गया है" केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पहली बार सार्वजनिक मंच से संकेत दिया है कि वह अब राष्ट्रीय राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने के लिए तैयार हैं। इंडिया टुडे पॉडकास्ट में उन्होंने कहा कि "मध्यप्रदेश में मेरा समय समाप्त हो गया है" ..यह बयान न सिर्फ एक राजनीतिक संकेत है, बल्कि बीजेपी की नई रणनीति की ओर भी इशारा करता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की रेस में उनके नाम पर गंभीरता से विचार हो रहा है, खासकर अगस्त में होने वाले बदलाव को देखते हुए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की रेस में मजबूत दावेदार
बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए जो कसौटियां तय की गई हैं—जैसे ओबीसी चेहरा, संगठन में अनुभव, प्रधानमंत्री मोदी का विश्वास और संघ की स्वीकृति—उन सभी पर शिवराज सिंह चौहान खरे उतरते हैं। उनके मुकाबले मनोहर लाल खट्टर, धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव जैसे दावेदार भी हैं, मगर शिवराज का अनुभव और जनप्रिय छवि उन्हें आगे रखती है।
MP की राजनीति से विदाई का इशारा
पॉडकास्ट में शिवराज ने खुलकर कहा कि उन्होंने मध्यप्रदेश में जी-जान से काम किया और अब वह पूरी तरह राष्ट्रीय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव का समर्थन जताते हुए कहा कि अब वह राज्य की राजनीति में हस्तक्षेप नहीं करते। सिर्फ अपने क्षेत्र बुधनी तक सीमित रहते हैं, जिससे उनका इमोशनल जुड़ाव है।
‘बड़ा मिशन, खुद की चिंता नहीं’
शिवराज ने कहा कि संघ का स्वयंसेवक होने के नाते वह देश के लिए काम को सर्वोपरि मानते हैं। उन्होंने मीडिया में चल रही अध्यक्ष पद की चर्चा को दरकिनार करते हुए कहा कि उन्हें जो भी ज़िम्मेदारी मिलती है, उसे पूरी प्रमाणिकता और निष्ठा से निभाते हैं। वह फिलहाल कृषि और ग्रामीण विकास के काम से संतुष्ट हैं।
संगठन और संघ से पुराना नाता
शिवराज सिंह चौहान का संघ से जुड़ाव इमरजेंसी के दौर से रहा है। वह युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर 15 साल तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उनकी विनम्र और सहज छवि उन्हें जनता और पार्टी दोनों में लोकप्रिय बनाती है। यही गुण उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में एक सर्वमान्य चेहरा बना सकते हैं।
शिवराज सिंह चौहान की राष्ट्रीय राजनीति में सक्रियता और बीजेपी अध्यक्ष पद की चर्चाएं बताती हैं कि पार्टी नेतृत्व एक अनुभवी, संतुलित और भरोसेमंद चेहरे की तलाश में है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो अगस्त में बीजेपी को एक नया चेहरा मिल सकता है—जो मध्यप्रदेश से निकलकर दिल्ली की राजनीति में नई दिशा तय करेगा।