बॉलीवुड की आइकॉनिक क्लासिक फिल्मों में गिनी जाने वाली फिल्म है ‘शोले’. आज भी इस फिल्म के गानों से लेकर किरदारों और डायलॉग्स को खूब पसंद किया जाता है. ये शानदार फिल्म आज भी लोगों के दिलों पर राज करती है. वहीं अब यंग जनरेशन के लिए भी एक सुनहरा मौका आ गया है. यंग जनरेशन भी अब इस आइकॉनिक फिल्म को फिर से बड़े पर्दे पर नए अंदाज में देख सकेगी. दरअसल ‘शोले’ के 50 साल पूरे होने की खुशी में ‘शोले’- द फाइनल कट’ के नाम से ये फिल्म बड़े पर्दे पर फिर से आ रही है.
‘शोले द फाइनल कट’ नाम से 4K वर्जन में होगी रिलीज
दरअसल ‘शोले’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर लोगों के दिलों पर राज करने के लिए आ रही है. हालांकि इस क्लासिक फिल्म का अंदाज अब नया है. इस बार ये ‘शोले द फाइनल कट’ नाम से 4K वर्जन में रिलीज होने वाली है. दिलचस्प बात तो ये है कि रमेश सिप्पी ने ‘शोले’ के 50 साल पूरी होने की खुशी में इसे ओरिजनल अनकट वर्जन में थिएटर में रिलीज करने का निर्णय लिया है. जिसका मतलब ये है कि 1975 में आई ‘शोले’ में जो सीन डिलीट कर दिए गए थे, उन्हें अब ‘शोले द फाइनल कट’ मे देखा जा सकेगा.
इंस्टाग्राम पर किया गया फिल्म का पोस्टर शेयर
आपको बता दें कि मेकर्स ने ‘शोले द फाइनल कट’ की रिलीज डेट अनाउंट करते हुए इंस्टाग्राम पर इसका पोस्टर भी शेयर कर दिया है. जिसमें ठाकुर और गब्बर की झलक दिख रही है. इसके साथ ही पोस्ट में फिल्म की रिलीज डेट भी अनाउंस की गई है. जिसमें लिखा है, “ शोले: द फाइनल कट' सिनेमाघरों में 12 दिसंबर 2025 को फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन द्वारा 4k और डॉल्बी 5.1 में रीस्टोर किए गए ओरिजनल अनकट वर्जन का पहली बार एक्सपीरियंस करें.”
पांच दशकों में पहली बार दिखेगी ओरिजनल अनकट एंडिंग
इस रिलीज़ को ऐतिहासिक बनाने वाली बात तो ये है कि इसमें फ़िल्म के ओरिजनल अनकट एंड को फिर से दिखाया गया है. जो पांच दशकों में पहली बार पब्लिकली स्क्रीन पर दिखाया जाएगा. 1975 में रिलीज़ होने से पहले भारत में इमरजेंसी के दौरान लगाए गए कड़े सेंसरशिप की वजह से इसके क्लाइमेक्स में बदलाव कर दिया गया था. अब दर्शक आखिरकार शोले को ठीक वैसे ही देख पाएंगे जैसा निर्देशक रमेश सिप्पी चाहते थे.
बता दें कि अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, जया बच्चन, हेमा मालिनी, संजीव कुमार और अमजद खान जैसे दमदार कलाकारों से सजी शोले भारतीय सिनेमा की मास्टर पीस में से एक है. हालांकि नई फिल्मों ने इसके बॉक्स ऑफिस नंबरों को पीछे जरूर छोड़ दिया है, फिर भी यह भारत की अब तक की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म होने का रिकॉर्ड अपने नाम कायम किए हुए हैं. वहीं ‘शोले द फाइनल कट’ के रिलीज होने की अनाउंसमेंट होने के बाद से ही फैंस काफी एक्साइटेड हो गए हैं.