Noida News: गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की सीआरटी टीम और थाना सेक्टर-126 पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार रात को हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी मारा गया। मुठभेड़ में दो पुलिस कर्मी गोली लगने से घायल हुए हैं।
दोनों तरफ से हुई गोलीबारी
डीसीपी नोएडा प्रीति यादव के अनुसार शनिवार को सीआरटी टीम और थाना सेक्टर-126 पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के संकेत पर रुकने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के दौरान अपराधी और दो पुलिस कर्मी गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान अपराधी को मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिस कर्मी उपचाराधीन हैं।
20 से अधिक मुकदमे दर्ज थे
डीसीपी प्रीति यादव ने बताया कि घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल, खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घटनास्थल का निरीक्षण फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम द्वारा किया गया है। मृतक अपराधी की पहचान अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी पुत्र धनेश, निवासी ग्राम छपार, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों के थानों में हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में लगभग 20 से अधिक मुकदमे दर्ज थे।
आगे की जांच जारी
उन्होंने कहा कि माया त्यागी थाना बादलपुर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 306/2026 धारा 109, 351(2), 3(5), 126 बीएनएस में वांछित चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है। आगे की जांच जारी है।