आईपीएल 2026 से पंजाब की टीम बाहर क्या हुई, सोशल मीडिया पर एक अलग विवाद शुरू हो गया। कप्तान श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर अचानक ट्रोलर्स के निशाने पर आ गईं। मामला एक पुराने वीडियो से जुड़ा है, जिसे अब फिर वायरल किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पहले पंजाब और कोलकाता के बीच मुकाबला रद्द होने के बाद श्रेष्ठा ने एक मजाकिया वीडियो बनाया था। उस वीडियो को अब कुछ लोग अलग नजरिए से पेश कर रहे हैं और इसी के बाद विवाद बढ़ गया।
श्रेष्ठा ने सामने आकर तोड़ी चुप्पी
लगातार बढ़ रही प्रतिक्रियाओं और निजी टिप्पणियों के बाद श्रेष्ठा अय्यर ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह वीडियो सिर्फ मजाक और हल्के-फुल्के अंदाज में बनाया गया था। उनका किसी खिलाड़ी या टीम का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि लोग उस वीडियो को जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं। श्रेष्ठा ने साफ कहा कि वह हर खिलाड़ी का सम्मान करती हैं क्योंकि उनका परिवार भी खेल से जुड़ा हुआ है।
मामला सोशल मीडिया से आगे पहुंचा
श्रेष्ठा ने बताया कि यह मामला अब केवल इंटरनेट तक सीमित नहीं रहा। उनके अनुसार कुछ लोग उनके काम की जगह तक संपर्क कर रहे हैं और उनके सहकर्मियों, छात्रों तथा परिवार को भी परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आलोचना एक बात है, लेकिन किसी के परिवार और निजी जीवन को इसमें घसीटना ठीक नहीं है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि इस तरह की हरकतें मानसिक रूप से परेशान करने वाली हैं।
भाई के साथ हमेशा खड़ी रहने की बात
अपने वीडियो में श्रेष्ठा ने कहा कि लोग उनसे नाराज हैं तो सीधे उन्हें निशाना बनाएं, लेकिन उनके करीबियों को परेशान करना बंद करें। उन्होंने कहा कि श्रेयस अय्यर जीतें या हारें, वह हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी। परिवार के लिए यह समर्थन हमेशा बना रहेगा और वह भाई की सफलता और संघर्ष दोनों में साथ रहेंगी।
इसे भी पढ़ें : धर्मशाला में बारिश हुई तो किस्मत चमकेगी RCB की, GT के लिए बढ़ सकती है मुश्किल
फिर सामने आया सोशल मीडिया का कड़वा सच
यह पहली बार नहीं है जब किसी खिलाड़ी के परिवार को खेल के नतीजों की वजह से आलोचना का सामना करना पड़ा हो। पहले भी कई खिलाड़ियों के परिजन सोशल मीडिया ट्रोलिंग का शिकार बन चुके हैं। यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि खेल का उत्साह कब निजी हमलों और नफरत में बदल जाता है, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है।