नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ऐतिहासिक यात्रा पूरी करने के बाद भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला रविवार को भारत लौटने वाले हैं। एक्सिओम-4 मिशन का हिस्सा रहे शुक्ला ने अमेरिका से लौटते समय सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि मिशन के दौरान बने दोस्तों को छोड़ना मुश्किल है, लेकिन भारत लौटकर अपने अनुभव साझा करने की उत्सुकता भी उतनी ही बड़ी है। उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की संभावना जताई जा रही है।
अंतरिक्ष यात्रा का अनुभव
शुक्ला ने अपने पोस्ट में लिखा कि जीवन लगातार आगे बढ़ने का नाम है और बदलाव ही इसकी सच्चाई है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में बिताए गए हर पल ने उन्हें जिंदगी को नए नजरिए से देखने की सीख दी है। इस मिशन में उन्होंने 60 से ज्यादा प्रयोग और 20 आउटरीच सत्र पूरे किए।
परिवार और दोस्तों से मिलने की खुशी
भारत लौटने से पहले शुक्ला ने लिखा कि अब वह अपने दोस्तों, परिवार और देशवासियों से मिलने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म स्वदेश के गीत “यूं ही चला चल रही, जीवन गाड़ी है समय पहिया” का जिक्र करते हुए कहा कि यह गाना उनके जीवन दर्शन को दर्शाता है।
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस में होंगे शामिल
भारत लौटने के बाद शुक्ला 22-23 अगस्त को दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में भाग लेंगे। उससे पहले वह अपने गृहनगर लखनऊ भी जाएंगे। उम्मीद है कि लौटने पर वह प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा करेंगे।
भारत का भविष्य अंतरिक्ष कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस भाषण में भारत के अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की योजना का जिक्र करते हुए कहा कि शुक्ला का मिशन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। वहीं, इसरो 2027 तक अपनी पहली मानव अंतरिक्ष उड़ान की तैयारी कर रहा है।