Shubhendu Adhikari visits Delhi: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा था, जिसे राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की तस्वीर भेंट की, जिस पर ‘वंदे मातरम्’ लिखा हुआ था। माना जा रहा है कि बैठक में पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल के जल्द विस्तार और राज्य की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हुई।
कैबिनेट विस्तार पर बनी सहमति
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी अब अपनी सरकार का विस्तार करने की तैयारी में हैं। उन्होंने 9 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और उनके साथ भाजपा के पांच विधायकों ने मंत्री पद संभाला था। हालांकि, अभी भी कई विभागों के लिए मंत्रिमंडल विस्तार लंबित है। दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई बैठकों के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही नए मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
केंद्रीय नेताओं से भी की मुलाकात
दिल्ली दौरे के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की। अमित शाह ने मुलाकात के बाद कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सुशासन और जनकल्याण के लिए काम करेगी। भाजपा नेतृत्व के साथ हुई बैठकों में राज्य के विकास और संगठनात्मक रणनीति पर भी चर्चा हुई।
यह भी देखेंःWater and Sewer Charges: दिल्ली में वाटर-सीवर चार्ज पर बड़ी राहत, नई नीति से लोगों का खर्च होगा कम
BSF और घुसपैठ का मुद्दा प्रमुख
मुख्यमंत्री ने सीमा सुरक्षा और घुसपैठ के मुद्दे को भी प्राथमिकता दी। हाल ही में पश्चिम बंगाल सरकार ने सीमा पर कांटेदार तार लगाने के लिए 27 किलोमीटर जमीन BSF को सौंपी है। माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर भी केंद्रीय नेतृत्व के साथ विस्तार से चर्चा हुई। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाया जाएगा।
केंद्र की योजनाओं पर रहेगा फोकस
नई सरकार केंद्र की योजनाओं को पश्चिम बंगाल में तेजी से लागू करने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का दावा है कि चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना, नमामि गंगे परियोजना और कृषि क्षेत्र के विकास से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। भाजपा नेतृत्व ने राज्य सरकार को भरोसा दिलाया है कि विकास योजनाओं के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।