Ayushman Bharat: पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सोमवार को नबान्न में अपनी पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। हाल ही में शपथ लेने के बाद यह उनकी सरकार की पहली अहम बैठक मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में आयुष्मान भारत योजना समेत कई केंद्रीय परियोजनाओं को मंजूरी देने पर चर्चा हो सकती है।
आयुष्मान भारत योजना
बताया जा रहा है कि पिछली सरकार के दौरान जिन केंद्रीय योजनाओं को लागू नहीं किया गया था, उन पर नई सरकार तेजी से फैसला लेना चाहती है। प्रधानमंत्री Narendra Modi पहले ही संकेत दे चुके हैं कि राज्य में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने पर प्राथमिकता से काम होगा। ऐसे में सोमवार की बैठक में इस योजना को हरी झंडी मिल सकती है।
नई योजना पर भी मंथन
सूत्रों के अनुसार, महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए नई योजना पर भी चर्चा हो सकती है। चुनाव के दौरान बीजेपी ने ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना का वादा किया था, जिसके तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक मदद देने की बात कही गई थी। माना जा रहा है कि सरकार इस योजना को नए स्वरूप में लागू करने पर विचार कर सकती है।
यह भी देखेंःCM Rekha Gupta: कार्यकर्ताओं की मेहनत से मजबूत हुआ भाजपा का संगठन: CM रेखा गुप्ता
अधिकारियों संग भी बैठक
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सोमवार को कैबिनेट बैठक के अलावा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ भी अलग-अलग बैठक करेंगे। जानकारी के मुताबिक, वह पहले राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे, फिर जिला अधिकारियों और बाद में पुलिस विभाग के शीर्ष अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था पर चर्चा करेंगे।
बढ़ाए गए सुरक्षा इंतजाम
मुख्यमंत्री के पहली बार नबान्न पहुंचने से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कोलकाता और हावड़ा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने रविवार को सचिवालय परिसर का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। बैठक स्थल और मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।