
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली वनडे और टी20 सीरीज से पहले बीसीसीआई ने ऐसा फैसला किया जिसने पूरे क्रिकेट जगत को हिला दिया. रोहित शर्मा, जिनकी कप्तानी में भारत ने 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी, अब वनडे कप्तान नहीं रहेंगे. उनकी जगह ये जिम्मेदारी टीम इंडिया के सबसे युवा और भरोसेमंद खिलाड़ी शुभमन गिल को दी गई है. इसका मतलब साफ है अब भारतीय क्रिकेट में नए युग की शुरुआत हो चुकी है.
आखिर रोहित से कप्तानी क्यों छीनी गई ?
इस ऐलान के बाद सबसे बड़ा सवाल उठा आखिर रोहित से कप्तानी क्यों छीनी गई? इस पर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जवाब तो दिया, लेकिन बात और उलझा दी. उन्होंने कहा कि तीनों फॉर्मेट के लिए तीन अलग-अलग कप्तान रखना व्यावहारिक नहीं है. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि हमें 2027 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ना होगा यानी साफ इशारा था कि बीसीसीआई अब भविष्य की सोच रही है और युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताना चाहती है.
'दोनों खिलाड़ी वर्ल्ड कप को लेकर प्रतिबद्ध नहीं'
सबसे चौंकाने वाली बात तब आई जब अगरकर से पूछा गया क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली 2027 वर्ल्ड कप तक भारत के लिए खेलते नजर आएंगे? इस पर उन्होंने कहा दोनों खिलाड़ी 2027 विश्व कप को लेकर प्रतिबद्ध नहीं हैं. इस बयान ने क्रिकेट फैंस को हिला कर रख दिया. इसका मतलब ये निकलता है कि बीसीसीआई अब धीरे-धीरे इन दो दिग्गजों से आगे बढ़ने की प्लानिंग कर रही है. अगरकर ने ये भी साफ किया कि जो खिलाड़ी टीम से बाहर होंगे, उन्हें अब घरेलू क्रिकेट खेलना जरूरी होगा, ताकि युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सके.
इसे भी पढ़ें : हो गया कंगारुओं के खिलाफ टीम का ऐलान, भारत को मिला अपना नया कप्तान, Rohit Sharma की वनडे से भी छुट्टी !
आस्ट्रेलिया दौरे से 'गिल युग' की शुरुआत
शुभमन गिल की कप्तानी का फैसला अब भारतीय क्रिकेट का नया चेहरा बनकर उभर रहा है. गिल ने पिछले कुछ महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान रहते हुए सीरीज ड्रॉ कराई और सबसे ज्यादा रन भी बनाए. अब वनडे की कमान मिलना उनके करियर का सबसे बड़ा मौका है लेकिन इसके साथ ही ये साफ है कि भारतीय क्रिकेट में अब रोहित-विराट युग ढलान पर है और गिल युग की शुरुआत हो चुकी है.