शनिवार 3 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान होना है और इसी के साथ शुभमन गिल की वापसी तय मानी जा रही है। चोट के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहने वाले गिल अब पूरी तरह फिट बताए जा रहे हैं। यह सीरीज गिल के लिए खास होगी क्योंकि वह नए वनडे कप्तान के तौर पर मैदान पर उतरेंगे। टी20 सीरीज में भी उनकी वापसी हुई थी लेकिन चोट ने फिर से परेशान किया। अब इस बार गिल पूरी तैयारी के साथ वापसी के मूड में हैं।
विजय हजारे से होगी शुरुआत
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले शुभमन गिल घरेलू क्रिकेट में नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी घरेलू टीम पंजाब की ओर से खेलेंगे। पंजाब को ग्रुप स्टेज में 3, 6 और 8 जनवरी को मुकाबले खेलने हैं। इनमें से गिल शुरुआती दो मैच खेलेंगे। 50 ओवर के फॉर्मेट में मैच खेलना गिल के लिए मैच प्रैक्टिस और लय हासिल करने का अहम मौका होगा।
फिटनेस परखी जाएगी मैदान में
टी20 सीरीज के दौरान पैर में लगी चोट से उबरने के बाद शुभमन गिल लगातार अभ्यास कर रहे हैं। वह 3 जनवरी को सिक्किम के खिलाफ मुकाबले से वापसी कर सकते हैं और 6 जनवरी को गोवा के खिलाफ भी मैदान पर उतरने की संभावना है। दोनों मुकाबले जयपुर में खेले जाएंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार 7 जनवरी से टीम इंडिया न्यूजीलैंड सीरीज के लिए एक साथ इकट्ठा होगी, ऐसे में गिल पंजाब के तीसरे मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे।
इसे भी पढ़ें : IPL विवाद के बीच बड़ा ऐलान, September में Bangladesh जाएगा भारत, वनडे और T20 Series से फिर गरमाएगा माहौल
अर्शदीप पर भी नजरें
शुभमन गिल के साथ पंजाब और टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के भी विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने की संभावना है। अर्शदीप के भी न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुने जाने की उम्मीद है। हालांकि वह टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। ऐसे में चयनकर्ता उन्हें वनडे सीरीज से आराम देंगे या नहीं, यह आने वाले दिनों में साफ होगा। घरेलू मैदान पर यह टूर्नामेंट टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का मंच बनने वाला है।