
टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरा किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है. टी20 सीरीज का तीसरा मैच भी उनके लिए काफी खराब साबित हुआ, जहां उनका बल्ला फिर खामोश रहा. पहले वनडे सीरीज में रन के लिए तरसे और अब टी20 सीरीज में भी तीन में से दो मैचों में फ्लॉप रहे. खास बात ये रही कि जिस मैच में वो फेल हुए, उसे देखने सारा तेंदुलकर भी स्टेडियम में मौजूद थीं और जैसे ही कैमरा सारा पर गया, अगली ही गेंद पर गिल का विकेट उड़ गया.
सारा के सामने गिल की फजीहत!
होबार्ट में खेले गए तीसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 187 रन का लक्ष्य दिया था. टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही लेकिन जल्दी ही अभिषेक शर्मा आउट हो गए. इसके बाद उम्मीदें शुभमन गिल पर टिक गईं, जो पिछले मैच में भी फेल रहे थे. गिल ने आते ही एक चौका जड़कर फॉर्म में लौटने के संकेत दिए, लेकिन तभी स्टेडियम की स्क्रीन पर सारा तेंदुलकर का चेहरा दिखाया गया. सारा अपनी दोस्त के साथ मैच देखने पहुंची थीं और जैसे ही उनका चेहरा स्क्रीन पर आया, फैंस का शोर गूंज उठा पर अगले ही पल गिल LBW आउट हो गए.
चर्चाओं के बीच मैदान पर निराशा
शुभमन गिल और सारा तेंदुलकर के रिलेशनशिप की अफवाहें नई नहीं हैं. दोनों को लेकर पिछले कुछ सालों से चर्चाएं चलती रही हैं. वर्ल्ड कप 2023 और मेलबर्न टेस्ट के दौरान भी सारा को गिल के मैच देखने स्टेडियम में देखा गया था. फैंस अक्सर इस जोड़ी को क्रिकेट का अगला स्टार कपल कहकर ट्रोल भी करते हैं. लेकिन होबार्ट टी20 में तो जैसे किस्मत ने मजाक कर दिया. चौका जड़ने के तुरंत बाद सारा की झलक और फिर विकेट सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने इसे सारा इफेक्ट बताना शुरू कर दिया.
लगातार 10 पारियों से अर्धशतक को तरसे गिल
गिल की फॉर्म पर अब सवाल उठने लगे हैं. एशिया कप 2025 से टी20 टीम में वापसी के बाद से वो लगातार 10 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं. उनका सबसे बड़ा स्कोर 47 रन रहा है, जो पाकिस्तान के खिलाफ आया था. तीसरे टी20 में भी वो 12 गेंदों पर 15 रन बनाकर नाथन एलिस की गेंद पर LBW हो गए. पहले मैच में उन्होंने 37 रन जरूर बनाए थे, लेकिन बारिश ने उस पारी को अधूरा छोड़ दिया. अब देखना ये होगा कि टीम मैनेजमेंट गिल को एक और मौका देता है या फिर अगले मैच में किसी नए ओपनर को उतारा जाएगा.