Do Deewane Seher Mein: सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की हालिया रिलीज फिल्म 'दो दीवाने सहर में' बॉक्स ऑफिस पर अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रही है। संजय लीला भंसाली द्वारा निर्मित और रवि उदयावर द्वारा निर्देशित इस रोमांटिक ड्रामा ने अपने पहले वीकेंड में काफी सुस्त प्रदर्शन किया है। तो आइए जानते हैं दो दीवाने सहर में का तीन दिन का कलेक्शन कितना है।
फिल्म का कलेक्शन
ट्रेड ट्रैकर Sacnilk द्वारा सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की रोमांटिक-ड्रामा 'दो दीवाने सहर में' को लेकर साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने भारत में पहले दिन शुक्रवार को 1.25 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे दिन फिल्म ने 1.5 करोड़ के करीब का कलेक्शन किया। वहीं, रविवार को फिल्म ने 1.45 करोड़ का कलेक्शन किया था और सोमवार को फिल्म ने मात्र 65 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इसी के साथ कुल मिलाकर फिल्म ने तीन दिनों में 4.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
फिल्म की स्टारकास्ट
फिल्म में सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर के अलावा संदीपा धर, जॉय सेनगुप्ता, नवीन कौशिक, अचिंत कौर, मोना अंबेगांवकर, आयशा रजा मिश्रा और ईला अरुण हैं। इसके निर्देशक रवि उदयावर हैं। फिल्म के निर्माता संजय लीला भंसाली, प्रेरणा सिंह, उमेश कुमार बंसल और भरत कुमार रंगा हैं। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म की टक्कर तापसी पन्नू की फिल्म 'अस्सी' (Assi) और पिछले हफ्ते रिलीज हुई विशाल भारद्वाज की 'ओ रोमियो' से हो रही है।
यह भी पढ़ें: Nirhua: भोजपुरी अभिनेता 'निरहुआ' का बड़ा खुलासा, "पत्नी के साथ रिश्ते में प्यार नहीं, सिर्फ जिम्मेदारी है"
40 करोड़ के बजट में बनी फिल्म
सिद्धांत और मृणाल की केमिस्ट्री को दर्शकों ने सराहा तो है, लेकिन कमजोर स्क्रीनप्ले और धीमी रफ्तार के कारण यह फिल्म बड़े पैमाने पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही है। लगभग 40 करोड़ के बजट पर बनी इस फिल्म के लिए आगे का सफर काफी मुश्किल नजर आ रहा है।
फिल्म की कहानी
सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की फिल्म 'दो दीवाने सहर में' एक आधुनिक प्रेम कहानी है, जो मुंबई की चकाचौंध के पीछे छिपे संघर्ष और सपनों को दर्शाती है। यह फिल्म क्लासिक रोमांस और आज की भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच के टकराव को खूबसूरती से पेश करती है। कहानी में भावनात्मक गहराई और संगीत का बहुत बड़ा योगदान है। फिल्म का दूसरा हिस्सा काफी भावुक है, जहा दोनों को यह चुनना पड़ता है कि उनके लिए 'सफलता' के मायने क्या हैं, एक ऊचा पद या वह इंसान जिसके साथ वे शहर की छत पर बैठकर सुकून की सांस ले सकें।