Coffee Side Effects: सुबह की पहली चुस्की से लेकर दफ्तर के काम के दौरान थकान मिटाने तक एक कप कॉफी कई लोगों की दिनचर्या का अटूट हिस्सा बन चुकी है। इसमें मौजूद कैफीन मिनटों में सुस्ती भगाकर दिमाग को एक्टिव कर देता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा कॉफी आपकी सेहत बिगाड़ सकती है।
एक दिन में कितनी कॉफी पीनी चाहिए?
अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अनुसार एक स्वस्थ वयस्क के लिए दिनभर में 400 मिलीग्राम तक कैफीन सुरक्षित माना जाता है। यह लगभग 2 से 4 कप कॉफी के बराबर होता है। हालांकि यह इस बात कर भी निर्भर करता है कि आपकी कॉफी कितनी स्ट्रॉन्ग है।
ज्यादा कॉफी पीने के नुकसान
अगर आप दिनभर में तय सीमा के ज्यादा कैफीन लेते हैं, तो शरीर पर इसके बुरे असर दिख सकते हैं। ज्यादा कॉफी पीने से नींद न आना या नींद की क्वालिटी खराब होना, घबराहट, बेचैनी, दिल की धड़कन तेज होना, सिर दर्द और पेट खराब होने जैसी समस्याएं हो सकती है।
कैफीन के अन्य स्रोत भी ध्यान रखें
आपको बता दें कि सिर्फ कॉफी ही नहीं, बल्कि चाय, एनर्जी ड्रिंक्स, चॉकलेट और कुछ दवाइयों में भी कैफीन होता है। इसलिए पूरे दिन में ली जाने वाली कैफीन की कुल मात्रा का हिसाब रखना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: Health Tips: क्या आप भी वीकेंड पर दिनभर लेटे रहते हैं? जानिए आपकी इस आदत का शरीर पर क्या पड़ता है असर
किन लोगों को रखनी चाहिए खास सावधानी
गर्भवती महिलाओं को दिनभर में 200 मिलीग्राम से ज्यादा कैफीन नहीं लेना चाहिए। जिन्हें अनिद्रा, एंग्जायटी, दिल से जुड़ी बीमारी या कैफीन से एलर्जी है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के बाद ही कॉफी पीनी चाहिए। बता दें, हर व्यक्ति के शरीर पर कैफीन का असर अलग-अलग होता है। अगर आपको 1-2 कप पीने के बाद भी बेचैनी या धड़कन तेज महसूस होती है, तो इसकी मात्रा तुरंत कम कर दें। साथ ही कॉफी में ज्यादा चीनी और क्रीम का इस्तेमाल करने से बचें।