Hair Transplant Side Effects: आजकल बालों का झड़ना और कम उम्र में गंजापन एक बड़ी समस्या बन चुका है। जब सिर के आगे के हिस्से से बाल गायब होने लगते हैं या गंजेपन के पैच दिखने लगते हैं, तो लोग हेयर ट्रांसप्लांट का सहारा लेते हैं। यह एक सर्जिकल तरीका है। आमतौर पर यह प्रोसेस बेहद सुरक्षित मानी जाती है लेकिन कभी-कभी इसके कुछ साइड इफेक्ट्स भी होते हैं।
कैसे होता है हेयर ट्रांसप्लांट?
हेयर ट्रांसप्लांट एक मेडिकल प्रोसेस है। इसमें मरीज के सिर के उस हिस्से से बालों की जड़ें निकाली जाती हैं, जहां बाल घने होते हैं। फिर इन जड़ों को सिर के उस हिस्से में लगा दिया जाता है, जहां के बाल झड़ चुके होते हैं।
सूजन और दर्द
हेयर ट्रांसप्लांट के बाद सिर की त्वचा में हल्का दर्द, खिंचाव या सूजन होना आम बात है। कई बार माथे और आंखों के आसपास भी कुछ दिनों के लिए सूजन आ जाती है, जो धीरे-धीरे अपने आप ठीक हो जाती है।
बाल और ज्यादा झड़ सकते हैं
सर्जरी के बाद कुछ समय के लिए ट्रांसप्लांट किए गए बाल और उनके आसपास के पुराने बाल झड़ने लगते हैं। इसे देखकर घबराएं नहीं, यह अस्थायी होता है और कुछ महीनों में नए बाल वापस आ जाते हैं। इसके अलावा त्वचा पर कट लगने और नसों पर हल्का असर पड़ने के कारण सिर में खुजली, झुनझुनी या सुन्नपन महसूस हो सकता है।
इंफेक्शन का रहता है खतरा
हेयर ट्रांसप्लांट एक सर्जिकल प्रोसेस है, इसलिए इंफेक्शन का रिस्क रहता ही है। अगर सर्जरी के दौरान सफाई न रखी जाए या बाद में डॉक्टर की दी गई सलाह का ठीक से पालन न हो, तो इंफेक्शन हो सकता है। अगर सर्जरी के बाद सिर में तेज दर्द, मवाद, ज्यादा सूजन या बुखार आए, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
डॉक्टर चुनते वक्त न करें गलती
हेयर ट्रांसप्लांट कराने से पहले केवल कीमत देखकर क्लिनिक चुनना सही नहीं है. डॉक्टर की योग्यता, अनुभव, इस्तेमाल की जाने वाली तकनीक, क्लिनिक की साफ-सफाई और आपकी बालों की स्थिति के बारे में जानना सबसे ज्यादा जरूरी है।
यह भी पढ़ें: BP Checking Tips: बीपी नापते समय किस हाथ का करें इस्तेमाल? एक छोटी सी लापरवाही से बदल सकती है पूरी रिडिंग
किस उम्र में कराएं हेयर ट्रांसप्लांट
आमतौर पर 23 या 25 वर्ष से कम उम्र में हेयर ट्रांसप्लांट कराने से मना किया जाता है। क्योंकि इस उम्र तक बालों का झड़ना स्थिर नहीं होता है।
हेयर ट्रांसप्लांट करवाने का सही समय तब होता है जब सिर का कोई हिस्सा 70 से 100 परसेंट तक खाली हो चुका हो।