देश के बड़े बैंक और टेलीकॉम कंपनियां अब ‘साइलेंट ऑथेंटिकेशन’ तकनीक पर काम कर रही हैं, जो ऑनलाइन पेमेंट के तरीके को पूरी तरह बदल सकती है। इस तकनीक में यूजर को ओटीपी डालने की जरूरत नहीं होगी। सिस्टम खुद बैकग्राउंड में यह चेक करेगा कि मोबाइल नंबर और सिम कार्ड बैंक एप से मैच कर रहे हैं या नहीं। अगर कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो ट्रांजैक्शन तुरंत ब्लॉक हो जाएगा, जिससे फ्रॉड का खतरा कम होगा।
कैसे काम करेगा यह सिस्टम
इस तकनीक में मोबाइल नेटवर्क और बैंकिंग सिस्टम आपस में जुड़कर काम करेंगे। जैसे ही कोई यूजर पेमेंट करेगा, सिस्टम यह जांच करेगा कि डिवाइस में मौजूद सिम उसी नंबर से जुड़ा है या नहीं, जो बैंक में रजिस्टर्ड है। अगर दोनों मैच करते हैं, तो ट्रांजैक्शन बिना किसी ओटीपी के पूरा हो जाएगा। अगर नंबर अलग हुआ, तो पेमेंट रोक दिया जाएगा। खास बात यह है कि यह तकनीक ई-सिम पर भी काम करेगी और सिम क्लोनिंग जैसे फ्रॉड को रोकने में मदद करेगी।
बैंक और कंपनियां कर रहीं टेस्ट
एक्सिस बैंक समेत कई बैंक और टेलीकॉम कंपनियां इस तकनीक पर पायलट प्रोजेक्ट चला रही हैं। डिजिटल विशेषज्ञों के अनुसार, यह सिस्टम यूजर को बिना किसी अतिरिक्त स्टेप के सुरक्षित पेमेंट का अनुभव देगा। इससे लॉग-इन और ट्रांजैक्शन दोनों आसान हो जाएंगे और समय की भी बचत होगी।
ये भी पढ़ें : Hormuz में बढ़ा खतरा, जहाजों का बीमा 10 गुना महंगा, आपकी जेब पर पड़ेगा असर?
आरबीआई के नियम क्या कहते हैं
भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के तहत डिजिटल पेमेंट में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूरी है। इसमें पासवर्ड, ओटीपी, या बायोमेट्रिक जैसे विकल्प शामिल होते हैं। हालांकि ओटीपी पूरी तरह खत्म नहीं किया गया है, लेकिन अब बैंक डिवाइस आधारित सुरक्षा और फिंगरप्रिंट जैसे तरीकों को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे सुरक्षा और मजबूत हो सके।
यूजर्स को क्या होगा फायदा
इस नई तकनीक से ट्रांजैक्शन फेल होने की समस्या कम होगी और पेमेंट प्रक्रिया तेज हो जाएगी। यूजर को बार-बार ओटीपी डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे अनुभव बेहतर होगा। साथ ही फ्रॉड के मामलों में भी कमी आने की उम्मीद है, क्योंकि सिस्टम खुद ही संदिग्ध गतिविधियों को पहचान लेगा।
डिजिटल पेमेंट का नया दौर
साइलेंट ऑथेंटिकेशन के आने से डिजिटल लेन-देन का तरीका पूरी तरह बदल सकता है। यह तकनीक न सिर्फ पेमेंट को आसान बनाएगी, बल्कि सुरक्षा के स्तर को भी बढ़ाएगी। आने वाले समय में यह सिस्टम आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन सकता है और डिजिटल इंडिया को नई गति दे सकता है।