शादी-ब्याह के सीजन और निवेश की बढ़ती मांग के बीच सोना-चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। बुधवार सुबह MCX पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला सोना ₹785 की बढ़त के साथ ₹1,60,754 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं 5 मार्च डिलीवरी वाली चांदी ₹6,004 की छलांग लगाकर ₹2,66,748 प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी। अचानक आई इस तेजी ने बाजार में हलचल मचा दी है।
चांदी की रफ्तार सबसे तेज
देशभर के सर्राफा बाजारों में चांदी ने सबसे ज्यादा चौंकाया है। मुंबई में चांदी ₹2,60,840 प्रति किलो पर पहुंच गई है, जबकि दिल्ली में यह ₹2,60,390 के स्तर पर कारोबार कर रही है। दक्षिण भारत में चेन्नई ₹2,61,600 और हैदराबाद ₹2,61,250 प्रति किलो के आसपास है। बेंगलुरु में ₹2,61,040 और कोलकाता में ₹2,60,490 प्रति किलोग्राम के भाव दर्ज किए गए। एक ही दिन में ₹6000 की मजबूती ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है।
ये भी पढ़ें : 590 करोड़ का खेल, Haryana Vigilance का शिकंजा, मास्टरमाइंड रिभव ऋषि समेत चार गिरफ्तार
सोना भी रिकॉर्ड स्तर के करीब
24 कैरेट सोने के दाम भी कई शहरों में ₹1.60 लाख के पार पहुंच चुके हैं। मुंबई में सोना लगभग ₹1,60,070 प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। दिल्ली में यह ₹1,60,670 तक पहुंच गया है, जबकि चेन्नई में ₹1,60,540 और हैदराबाद में ₹1,60,320 के स्तर पर है। कोलकाता और बेंगलुरु में भी भाव ₹1,60,000 के आसपास बने हुए हैं। बुलियन वेबसाइट के मुताबिक, औसतन सोना ₹1,60,360 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹2,61,310 प्रति किलो दर्ज की गई।
क्यों बढ़ रहे हैं दाम
बाजार जानकारों के अनुसार स्थानीय ज्वैलर्स और बड़े व्यापारियों की मजबूत मांग ने कीमतों को सहारा दिया है। साथ ही डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी ने आयातित सोने को महंगा कर दिया है, जिससे घरेलू बाजार में कीमतें ऊपर गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक घरेलू मांग इतनी मजबूत है कि उसने अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई गिरावट के असर को भी सीमित कर दिया।
खरीदें या इंतजार करें
मौजूदा तेजी के बीच निवेशकों और खरीदारों के सामने बड़ा सवाल यही है कि क्या अभी खरीदारी सही है या कीमतों में गिरावट का इंतजार करना चाहिए। बाजार में फिलहाल उतार-चढ़ाव बना हुआ है और आने वाले दिनों में वैश्विक संकेत, डॉलर की चाल और घरेलू मांग कीमतों की दिशा तय करेंगे। फिलहाल सोना-चांदी दोनों ने फिर से निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।