सर्राफा बाजार में गुरुवार को जबरदस्त हलचल देखने को मिली, जब चांदी की कीमतों में अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी का भाव 12 फीसदी तक टूट गया और लोअर सर्किट लग गया। इस गिरावट के साथ ही चांदी एक झटके में करीब 29,000 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई, जिससे निवेशकों के बीच हड़कंप मच गया।
रिकॉर्ड हाई से भारी गिरावट
चांदी पहले ही अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे आ चुकी थी, लेकिन ताजा गिरावट ने इसे और कमजोर कर दिया है। 29 जनवरी को चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी, जबकि अब यह करीब 2,18,411 रुपये प्रति किलो पर आ गई है। यानी हाई लेवल से अब तक इसमें 2 लाख रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।
ये भी पढ़ें : 16 April से कई बैंक खाते हो सकते बंद, चेतावनी जारी, समय रहते KYC नहीं कराया तो बढ़ सकती परेशानी
सोना भी नहीं बचा दबाव से
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखी गई। एमसीएक्स पर सोना करीब 6 फीसदी टूटकर 1,43,844 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो पिछले स्तर से करीब 9,000 रुपये कम है। वहीं अपने उच्चतम स्तर 1,93,096 रुपये की तुलना में सोना अब लगभग 50,000 रुपये सस्ता हो चुका है।
गिरावट के पीछे क्या वजह
इस बड़ी गिरावट के पीछे कई वैश्विक कारण जिम्मेदार माने जा रहे हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को स्थिर रखने के संकेत और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने बाजार पर दबाव बनाया है। इसके अलावा होर्मुज मार्ग में बाधा और तेल-गैस संयंत्रों पर हमलों से क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल आया है, जिससे निवेशकों ने सुरक्षित विकल्प के रूप में डॉलर की ओर रुख किया है।
निवेशकों के लिए संकेत
मजबूत डॉलर और ऊंची ब्याज दरों के कारण सोना-चांदी जैसी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। ऐसे में बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है। निवेशकों के लिए यह समय सतर्क रहने का है, क्योंकि आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।