आज बाजार खुलते ही चांदी की कीमत ने सभी को चौंका दिया। चांदी में जबरदस्त तेजी देखने को मिली और यह अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई। चांदी की कीमत करीब 13,000 रुपये उछलकर ₹2,87,990 प्रति किलोग्राम तक जा पहुंची। इससे पहले पिछले सत्र में चांदी ₹2,75,187 पर बंद हुई थी।
शुरुआती कारोबार में तेज उतार-चढ़ाव
आज चांदी ₹2,81,698 पर खुली थी। शुरुआती कारोबार के दौरान इसमें काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। चांदी ने ₹2,80,555 का निचला स्तर और ₹2,87,990 का ऊपरी स्तर छुआ। सुबह 10.20 बजे के आसपास चांदी ₹11,193 की तेजी के साथ ₹2,86,380 प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
सोने में भी आई मजबूती
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमत में भी अच्छी तेजी दर्ज की गई। फरवरी डिलीवरी वाले सोने की कीमत करीब 900 रुपये बढ़ी। पिछली बार सोना ₹1,42,241 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। आज यह ₹1,40,501 पर खुला और कारोबार के दौरान ₹1,43,173 तक पहुंच गया।
ये भी पढ़ें : Iran से कारोबार बना भारत के लिए सिरदर्द? 25 प्रतिशत अमेरिकी Tariff पर बंटे एक्सपोर्टर्स, जानिए किसे डर किसे भरोसा
सोने के दाम कहां पहुंचे
शुरुआती कारोबार में सोने ने ₹1,40,501 का निचला स्तर और ₹1,43,173 का ऊपरी स्तर छुआ। सुबह 11.20 बजे के करीब सोना ₹843 की तेजी के साथ ₹1,43,084 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। बाजार में निवेशकों की दिलचस्पी एक बार फिर कीमती धातुओं की ओर बढ़ती नजर आ रही है।
पिछले साल भी रही थी ऐतिहासिक तेजी
पिछले साल सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला था। बताया जाता है कि 1979 के बाद पहली बार इतनी बड़ी तेजी दर्ज की गई थी। इसी वजह से निवेशक अब भी इन धातुओं को सुरक्षित निवेश के तौर पर देख रहे हैं और हर गिरावट पर खरीदारी कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिला समर्थन
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी ने इतिहास रच दिया है। पहली बार चांदी की कीमत 90 के पार पहुंची है और इसका बाजार मूल्य 5 ट्रिलियन से ज्यादा हो गया है। अमेरिका में महंगाई के आंकड़े उम्मीद से कम आने के बाद ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बढ़ी है। वहीं ईरान में तनाव और अशांति के चलते सुरक्षित निवेश की मांग और तेज हो गई है, जिसका सीधा असर सोने और चांदी की कीमतों पर दिख रहा है।