क्यों काली पड़ जाती है चांदी की बिछिया? चांदी की बिछिया लंबे समय तक पहनने से धीरे-धीरे काली पड़ने लगती है. इसका मुख्य कारण हवा में मौजूद नमी, धूल, पसीना और कुछ रसायनों के संपर्क में आना होता है। इसके अलावा साबुन, परफ्यूम, लोशन या अन्य ब्यूटी प्रोडक्ट्स का असर भी चांदी की चमक को कम कर सकता है। हालांकि यह एक सामान्य प्रक्रिया है और सही तरीके से सफाई करने पर बिछिया फिर से चमकदार दिखाई देने लगती है.
बेकिंग सोडा और गर्म पानी का आसान तरीका
अगर बिछिया ज्यादा काली हो गई है, तो एक बर्तन में एल्युमिनियम फॉयल बिछाकर उसमें गर्म पानी डालें। अब इसमें एक से दो चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं और बिछिया को 5 से 10 मिनट के लिए इसमें छोड़ दें। इसके बाद मुलायम ब्रश या पुराने टूथब्रश से हल्के हाथों से साफ करें। अंत में साफ पानी से धोकर सूती कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें। इससे चांदी की चमक काफी हद तक वापस आ सकती है.
टूथपेस्ट से भी मिल सकती है चमक
सफेद रंग का सामान्य टूथपेस्ट चांदी की हल्की सफाई के लिए उपयोगी माना जाता है। बिछिया पर थोड़ा सा टूथपेस्ट लगाकर मुलायम ब्रश से धीरे-धीरे रगड़ें। कुछ मिनट बाद पानी से धो लें और सूखे कपड़े से पोंछ दें। ध्यान रखें कि जेल वाले या अधिक रगड़ वाले टूथपेस्ट का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे चांदी की सतह पर हल्के निशान पड़ सकते हैं.
नींबू और नमक का करें इस्तेमाल
घरेलू सफाई के लिए नींबू और नमक भी अच्छा विकल्प हो सकते हैं। एक कटोरी में थोड़ा नींबू का रस लें और उसमें चुटकी भर नमक मिलाएं। इस मिश्रण में बिछिया को कुछ मिनट तक रखें। फिर मुलायम कपड़े से साफ करें और पानी से धो लें। इससे जमी हुई गंदगी हटने में मदद मिल सकती है और बिछिया पहले से ज्यादा साफ नजर आएगी.
सफाई के बाद रखें इन बातों का ध्यान
बिछिया साफ करने के बाद उसे पूरी तरह सुखाना जरूरी है। अगर उसमें नमी रह जाती है तो दोबारा जल्दी कालापन आ सकता है। चांदी के गहनों को हमेशा सूखी और बंद डिब्बी या जिप पाउच में रखें। उन्हें परफ्यूम, हेयर स्प्रे और तेज रसायनों से दूर रखें। नहाते समय या घर की सफाई करते समय बिछिया उतार देना भी बेहतर माना जाता है.
कब कराएं प्रोफेशनल सफाई?
अगर बिछिया पर बहुत ज्यादा कालापन, जिद्दी दाग या खरोंच आ गई है और घरेलू उपायों से फर्क नहीं पड़ रहा है, तो किसी भरोसेमंद ज्वेलर से उसकी प्रोफेशनल सफाई करवा सकते हैं। इससे गहने की चमक सुरक्षित रहती है और नुकसान होने की संभावना भी कम होती है.
घरेलू उपायों से चांदी की बिछिया को कुछ ही मिनटों में काफी हद तक साफ किया जा सकता है। नियमित सफाई और सही रखरखाव अपनाने से बिछिया लंबे समय तक नई जैसी चमक बनाए रख सकती है.