हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खड्ड के किनारे खेलते समय छोटा भाई गहरे पानी में गिर गया। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई बिना सोचे-समझे पानी में कूद पड़ा, लेकिन गहराई ज्यादा होने के कारण दोनों मासूम डूब गए। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।
खेलते-खेलते खड्ड में गिरा छोटा भाई
दर्दनाक हादसा सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल की नौहराधार तहसील के देवामानल गांव में हुआ। जानकारी के मुताबिक 8 वर्षीय आयन और उसका बड़ा भाई 9 वर्षीय अभिनव गांव के पास खड्ड किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान संकरे रास्ते से गुजरते समय आयन का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
भाई को बचाने बिना डरे पानी में कूदा अभिनव
छोटे भाई को डूबता देख अभिनव घबराया नहीं और तुरंत उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन खड्ड का पानी काफी गहरा था। दोनों मासूम खुद को संभाल नहीं पाए और देखते ही देखते पानी में डूब गए। यह मंजर इतना दर्दनाक था कि मौके पर पहुंचे लोग भी भावुक हो उठे।
परिजन पहुंचे, लेकिन तब तक हो चुकी थी देर
घटना की सूचना मिलते ही परिवार और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चों को पानी से बाहर निकालकर तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से नौहराधार अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
गांव में पसरा मातम, हर आंख नम
दो मासूम भाइयों की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। गांव के लोग इस हादसे को याद कर भावुक हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों भाई बेहद चंचल और परिवार के लाडले थे। घर में अब सिर्फ उनकी यादें बची हैं, जिनके सहारे परिवार खुद को संभालने की कोशिश कर रहा है।
प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को राहत देने की बात कही है। वहीं एसडीएम संगड़ाह ने लोगों से बारिश के मौसम में नदी-नालों और खड्डों के पास जाने से बचने और बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील की है।