Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर मिशन को पूरे छह महीने होने वाले हैं, और इसी बीच खुफिया एजेंसियों की एक रिपोर्ट ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) फिर से सक्रिय हो रहे हैं और जम्मू-कश्मीर में बड़े आतंकी हमले की योजना बना रहे हैं। माना जा रहा है कि दोनों संगठन मिलकर भारत में एक समन्वित आतंकी अभियान की तैयारी में हैं, जिसका लक्ष्य सुरक्षाबलों और आम नागरिकों को निशाना बनाना है।
पहलगाम हमले के बाद चला था ऑपरेशन सिंदूर
22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन इलाके में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटक मारे गए थे। इसके बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 6-7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इस मिशन में पाकिस्तान और पीओके (PoK) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया गया और 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया था। इसमें जैश-ए-मोहम्मद के करीब 30 आतंकी शामिल थे।
यह भी देखेंःयूट्यबर बेटी और मां के बीच गाली-गलौच व मारपीट का वीडियो वायरल
पाकिस्तान की सीमा पार गतिविधियों पर बढ़ी नजर
ऑपरेशन के बाद पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी और ड्रोन हमलों के जरिए जवाब देने की कोशिश की थी। भारतीय सेना ने तुरंत पलटवार करते हुए पाकिस्तान के कई रडार केंद्रों, संचार ठिकानों और हवाई अड्डों को निशाना बनाया। 10 मई को दोनों देशों के बीच युद्धविराम समझौता हुआ, लेकिन अब नई खुफिया रिपोर्टों से संकेत मिल रहे हैं कि आतंकी संगठन फिर से सक्रिय हो रहे हैं, जिससे सीमा पर सुरक्षा और सतर्कता और भी बढ़ा दी गई है।