Six States got New Governors: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति की घोषणा की है। इस फेरबदल के तहत केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, कर्नाटक, उत्तराखंड और सिक्किम के राज्यपाल बदले गए हैं। नियुक्त किए गए लोगों में बीजेपी की वरिष्ठ नेता डॉ. सुधा यादव भी शामिल हैं, जिन्हें कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है।
सुधा यादव को कर्नाटक की जिम्मेदारी
डॉ. सुधा यादव बीजेपी की वरिष्ठ नेता हैं। उनका जन्म 16 अक्टूबर 1965 को हरियाणा के रेवाड़ी जिले में हुआ था। उन्होंने रसायन विज्ञान में एमएससी और पीएचडी की पढ़ाई की है। वह 1999 में महेंद्रगढ़ से लोकसभा सांसद चुनी गई थीं और 2004 तक इस पद पर रहीं। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग में सदस्य के रूप में काम किया। अगस्त 2022 में उन्हें बीजेपी के संसदीय बोर्ड में शामिल किया गया था।
ओम प्रकाश माथुर बने केरल के राज्यपाल
ओम प्रकाश माथुर बीजेपी के अनुभवी नेताओं और संगठनात्मक रणनीतिकारों में गिने जाते हैं। उनका जन्म 2 जनवरी 1952 को राजस्थान के पाली जिले के बेडल गांव में हुआ था। उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और पार्टी में कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं। वह बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य भी रहे। जुलाई 2024 में उन्होंने सिक्किम के राज्यपाल का पद संभाला था। अब उन्हें केरल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु भेजा गया
राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर का जन्म 23 अप्रैल 1954 को गोवा की राजधानी पणजी में हुआ था। उन्होंने कॉमर्स में स्नातक की पढ़ाई की और 1989 में बीजेपी से जुड़े। वह गोवा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और गोवा विधानसभा के स्पीकर रह चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने राज्य सरकार में पर्यावरण एवं वन तथा पंचायती राज मंत्री की जिम्मेदारी भी निभाई। अर्लेकर हिमाचल प्रदेश और बिहार के राज्यपाल भी रह चुके हैं। जनवरी 2025 में उन्हें केरल का राज्यपाल बनाया गया था। अब उन्हें तमिलनाडु भेजा गया है।
यह भी देखेंःकानून-व्यवस्था नहीं संभाल सकते तो इस्तीफा दें', केरल कांग्रेस की CJI सूर्यकांत से मांग
ब्रज मोहन राम और ढाल सिंह बिसेन को भी नई जिम्मेदारी
ब्रज मोहन राम बीजेपी के नेता और पूर्व सांसद हैं। उनका जन्म 1 जनवरी 1958 को तत्कालीन बिहार के पलामू क्षेत्र में हुआ था, जो अब झारखंड में है। वह 1991 से 1995 तक बिहार विधानसभा के सदस्य रहे और 1996 से 2004 तक पलामू लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। उन्हें ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, मध्य प्रदेश के बीजेपी नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया है। बिसेन चार बार मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे और 2003 से 2005 तक राज्य सरकार में मंत्री भी रहे। 2019 में वह बालाघाट से लोकसभा सांसद चुने गए थे और 2024 तक इस पद पर रहे।
दुष्यंत गौतम बने सिक्किम के राज्यपाल
बीजेपी नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उनका जन्म 24 मई को आगरा में हुआ था। वह बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। बाद में उन्होंने बीजेपी में जनसंपर्क, संगठनात्मक कार्यों और डिजिटल अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई। मार्च 2026 में उन्हें भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) का सदस्य भी नियुक्त किया गया था। अब उन्हें सिक्किम के राज्यपाल की जिम्मेदारी दी गई है।