Skoda Car Price Hike: त्योहारों के मौसम में नई कार खरीदने का प्लान बना रहे लोगों को तगड़ा झटका लगा है। Skoda Auto India ने 1 अक्टूबर से अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाने का ऐलान किया है। कंपनी अपने पूरे पैसेंजर व्हीकल लाइनअप की कीमतों में 1.2% तक का इजाफा करने जा रही है। हालांकि प्रति गाड़ी ज्यादा से ज्यादा 20,000 रुपये तक ही दाम बढ़ेंगे। कंपनी ने लगातार बढ़ रही इनपुट और ऑपरेशनल लागत को मुख्य वजह बताया है।
कौन-कौन से मॉडल्स होंगे महंगे?
Skoda की भारत में बिकने वाली लगभग सभी मुख्य गाड़ियां इस बढ़ोतरी के दायरे में आएंगी। इस लिस्ट में कंपनी की सबसे नई कॉम्पैक्ट SUV Kylaq, मिड-साइज SUV Kushaq, प्रीमियम सेडान Slavia, लक्जरी सेडान Superb, परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड Octavia RS और फ्लैगशिप Kodiaq शामिल हैं। इसके अलावा हाल ही में लॉन्च हुई Kylaq Sportline, Classic Plus और Prestige Plus की कीमतें भी बदलेंगी।
बिक्री के टूटे रिकॉर्ड
कीमतों में यह बढ़ोतरी तब की गई, जब कंपनी भारत में रिकॉर्ड बिक्री कर रही है। 2025 में कंपनी ने 72,655 यूनिट्स की ऑल-टाइम हाई बिक्री दर्ज की थी। वहीं, साल 2026 के शुरुआती 8 महीनों (अगस्त तक) में ही 50,000 से अधिक गाड़ियां डिलीवर की जा चुकी है, जो पिछले साल से 8% ज्यादा है।
नेटवर्क का विस्तार
भारत में ही निर्मित कंपनी के तीन सबसे सफल मॉडल्स Kylaq, Kushaq और Slavia की बिक्री का आंकड़ा 2.5 लाख यूनिट्स के पार पहुंच चुका है. जिसमें से केवल नई Kylaq के ही 75,000 से अधिक यूनिट्स शामिल है। इस जबरदस्त मांग को पूरा करने के लिए कंपनी ने अपने रिटेल नेटवर्क को तेजी से बढ़ाते हुए 193 शहरों में 345 से अधिक टचपॉइंट्स खोल दिए हैं।
यह भी पढ़ें: Top 5 EVs in India: फेस्टिव सीजन में कार खरीदने का प्लान? ये हैं 5 बेहतरीन इलेक्ट्रिक कारें
Skoda की अपकमिंग कार
बता दें, Skoda अपनी नई Slavia Facelift को अपग्रेडेड फीचर्स और नए 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ पेश करने जा रही है। इनकी कीमतों का खुलासा 6 अक्टूबर 2026 को होगा। इसके अलावा, Skoda ने अपनी सबसे लोकप्रिय परफॉर्मेंस कार Octavia RS का दूसरा बैच (केवल 50 यूनिट्स) भारत में पेश किया है। जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 56.69 लाख रखी गई है।
ग्राहकों के लिए सलाह
अगर आपने 1 अक्टूबर से पहले अपनी Skoda कार बुक कर ली है, तो आपको पुरानी कीमत पर ही डिलीवरी मिलेगी। वहीं, 1 अक्टूबर या उसके बाद की जाने वाली सभी नई बुकिंग पर नई दरें लागू होगी। बता दें, टाटा ने पहले ही कीमत बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। अब स्कोडा ने भी कीमत में बढ़ोतरी को कन्फर्म कर दिया है। ऐसे में उन लोगों को अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे जो नई कार इस फेस्टिव सीजन खरीदना चाहते हैं।