Kitchen Decor Tips : छोटी रसोई में सबसे बड़ी परेशानी तब होती है, जब कड़ाही, कुकर, तवा और पैन जैसे बर्तन रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती। कई बार इन्हें एक-दूसरे के ऊपर रखना पड़ता है, जिससे जरूरत के समय कोई एक बर्तन निकालना भी मुश्किल हो जाता है। थोड़ी स्मार्ट प्लानिंग के साथ इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
कड़ाही और पैन को करें स्टैक
अगर आपके पास अलग-अलग आकार की कड़ाही और पैन हैं, तो उन्हें आकार के हिसाब से एक-दूसरे के अंदर रखा जा सकता है. बड़े बर्तन के अंदर छोटा बर्तन रखने से काफी जगह बचती है। हालांकि, बर्तनों पर खरोंच न आए, इसके लिए उनके बीच पतला कपड़ा या सॉफ्ट लाइनर रखा जा सकता है.
तवे के लिए बनाएं अलग जगह
तवे को दूसरे बर्तनों के नीचे रखने से उसे निकालना परेशानी भरा हो सकता है। इसलिए कैबिनेट के अंदर या किचन प्लेटफॉर्म के नीचे पतला वर्टिकल स्लॉट बनाया जा सकता है। इसमें तवे को सीधा रखने से जगह भी बचेगी और वह आसानी से हाथ में आ जाएगा.
कुकर को ढक्कन के साथ रखें
प्रेशर कुकर और उसके ढक्कन को अलग-अलग रखने से कैबिनेट में ज्यादा जगह घिर सकती है. कुकर के अंदर छोटे बर्तन या दूसरी हल्की चीजें रखकर उसकी खाली जगह का इस्तेमाल किया जा सकता है. ढक्कन को किनारे या किसी निर्धारित स्लॉट में रखने से सामान ज्यादा व्यवस्थित रहेगा.
कैबिनेट डिवाइडर आएंगे काम
एक ही बड़े कैबिनेट में सभी बर्तन रखने के बजाय डिवाइडर या छोटे रैक लगाए जा सकते हैं. इससे कड़ाही, पैन और कुकर को अलग-अलग हिस्सों में रखा जा सकेगा. बर्तनों को एक के ऊपर एक रखने की जरूरत भी कम होगी.
दीवार की जगह का करें इस्तेमाल
अगर किचन कैबिनेट में जगह कम है, तो दीवार का खाली हिस्सा भी उपयोगी हो सकता है. मजबूत हुक या रेल लगाकर ऐसे बर्तन टांगे जा सकते हैं जिनमें हैंडल या लटकाने की सुविधा हो। इससे प्लेटफॉर्म और कैबिनेट दोनों में जगह खाली रहती है.
रोज इस्तेमाल होने वाले बर्तन अलग रखें
जिन बर्तनों का इस्तेमाल रोज होता है, उन्हें सबसे आसान पहुंच वाली जगह पर रखना बेहतर है. कम इस्तेमाल होने वाले बड़े बर्तनों को ऊपर या कैबिनेट के पीछे रखा जा सकता है. इससे हर बार सामान निकालने के लिए पूरा स्टोरेज नहीं खंगालना पड़ेगा.
थोड़ी प्लानिंग से बढ़ेगी जगह
छोटी रसोई में ज्यादा सामान रखने के बजाय उपलब्ध जगह का सही इस्तेमाल करना जरूरी है. बर्तनों को आकार और इस्तेमाल के हिसाब से व्यवस्थित करने, वर्टिकल स्टोरेज अपनाने और खाली दीवारों का उपयोग करने से किचन ज्यादा साफ-सुथरा और सुविधाजनक बनाया जा सकता है.