CNG Car Safety: देश में पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के बीच सीएनजी कारों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ये कारें न सिर्फ जेब पर हल्की पड़ती है, बल्कि पार्यावरण के अनुकूल भी है। हालांकि सीएनजी कारों के साथ थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण ब सकती है। अक्सर देखा जाता है कि गाड़ी चलाते समय या खड़ी कार में अचानक सीएनजी की गंध आने लगती है। लेकिन इसे मामूली समझकर नजरअंदाज करना जानलेवा साबित हो सकता है।
कार में लग सकती है आग
बता दें कि सीएनजी एक अत्यधिक ज्वलनशील गैस है और इसका हल्का सा लीकेज भी कार में आग लगा सकता है। तो आइए जानते हैं कार में सीएनजी की गंध आने के कारण और इसके बचाव के जरूरी उपाय क्या है।
CNG की महक आने के वजह
बता दें कि सीएनजी किट के पाइप, होस या रबर ओ-रिंग्स के कट जाने या पुराने होकर क्रैक होने से गैस लीक होने लगती है। इसके अलावा गैस रिफिलिंग वाल्व, सोलेनोइड वाल्व या प्रेशर रेगुलेटर के ढीले होने से भी गैस लीक होने लगती है। कई बार सिलेंडर के मुख्य वाल्व में दिक्कत आने या लोकल आफ्टरमार्केट खराब किट लगवाने से भी यह समस्या हो सकती है।
सीएनजी की महक आने पर तुरंत करें ये काम
जब अचानक से सीएनजी की महक आने लगे तो बिना घबराए गाड़ी को तुरंत सड़क के किनारे सुरक्षित जगह पर खड़ी करें। कार का इंजन तुरंत बंद कर दें और चाबी बाहर निकाल लें। इसके बाद कार के सभी शीशे तुरंत नीचे कर दें, ताकि केबिन में जमा गैस बाहर निकल सकें और डिग्गी खोलकर सीएनजी सिलेंडर पर लगे मैनुअल कट-ऑफ वाल्व को तुरंत बंद कर दें। इससे गैस की सप्लाई रूक जाएगी।
लीकेज होने पर क्या न करें
सीएनजी गैस लीक होने पर कार के अंदर या पास में माचिस, लाइटर बिल्कुल न जलाएं और न ही स्मोकिंग करें। इसके अलावा केबिन लाइट या कार का कोई भी स्विच ऑन/ऑफ मत करें, क्योंकि इससे पैदा हुई छोटी सी चिंगारी भी आग भड़का सकती है। लीकेज के बाद गाड़ी को सीएनजी पर न चलाएं और जब तक गैस पूरी तरह से निकल न जाएं, कार के अंदर शीशे बंद करके न बैठें।
यह भी पढ़ें: Kia New Launch: किआ ने लॉन्च की दो नई 7-सीटर CNG कारें, जानें क्या है खासियत और कितनी है कीमत
सुरक्षा के लिए अपनाएं यह टिप्स
सीएनजी कार को किसी भी बड़े हादसों से सुरक्षित रखने के लिए समय-समय पर सर्विस सेंटर से जांच कराते रहना चाहिए। नियम के मुताबिक सीएनजी सिलेंडर की हर 3 साल में हाइड्रो-टेस्टिंग कराना अनिवार्य और सुरक्षित है। हमेशा सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त सीएनजी किट और पार्ट्स का ही इस्तेमाल करें, लोकल मैकेनिक से स्पेयर पार्ट्स न बदलवाएं। अपनी कार में हमेशा एक चालू हालत वाला Fire Extinguisher जरूर रखें।