Smriti Mandhana 11000 Runs : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने जापान में इतिहास रच दिया है। एशियन गेम्स में श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले के दौरान उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11000 रन पूरे किए और ऐसा करने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गईं। उनकी इस उपलब्धि ने महिला क्रिकेट में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
11000 रन तक पहुंचने वाली पहली महिला खिलाड़ी
स्मृति मंधाना पिछले कुछ समय से लगातार रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रही हैं। इसी महीने उन्होंने महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वहीं पिछले मुकाबले में वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनी थीं। अब 11000 रन का आंकड़ा छूकर उन्होंने अपने नाम एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कर ली है।
टी20 करियर का 37वां अर्धशतक भी पूरा
श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 37वां अर्धशतक भी पूरा किया। वह पहले ही महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन चुकी हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड की पूर्व कप्तान सूजी बेट्स को पीछे छोड़ा था। अब वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 5000 रन पूरे करने के बेहद करीब पहुंच गई हैं।
79 रन की विस्फोटक पारी से मचाया धमाल
मंधाना ने इस मुकाबले में 79 रन की शानदार पारी खेली। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और 7 छक्के लगाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के चलते भारतीय टीम ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली बल्लेबाजों की सूची में भी मंधाना अब शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं।
छक्कों की सूची में भी बनाया खास स्थान
महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शेफाली वर्मा पहले स्थान पर हैं, जिन्होंने 9 छक्के लगाए थे। दूसरे नंबर पर हरमनप्रीत कौर हैं, जिन्होंने 8 छक्के जड़े थे। श्रीलंका के खिलाफ 7 छक्के लगाकर स्मृति मंधाना इस सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इससे पहले वह हांगकांग के खिलाफ भी एक पारी में 7 छक्के लगा चुकी हैं।
इसे भी पढ़ें : गोल्ड के साथ मंधाना का महारिकॉर्ड, एशियन गेम्स फाइनल में श्रीलंका पर भारत की सबसे बड़ी जीत
भारत ने बनाया एशियन गेम्स का सबसे बड़ा स्कोर
मंधाना की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 216 रन बनाए। यह महिला एशियन गेम्स क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बन गया। पहली बार किसी महिला टीम ने इस प्रतियोगिता में 200 रन का आंकड़ा पार किया है। भारत की इस दमदार बल्लेबाजी ने टूर्नामेंट में उसकी दावेदारी को और मजबूत कर दिया है।