
नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम रविवार को इतिहास का साक्षी बनने वाला है. एक तरफ हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में हिंद की शेरनियां पहली बार विश्व कप जीतने के मिशन पर उतरेंगी, तो दूसरी ओर साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट अपने देश के लिए पहला वर्ल्ड कप उठाने का सपना लेकर मैदान में होंगी. लेकिन इस महामुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण सिर्फ ट्रॉफी नहीं, बल्कि दो दिग्गज बल्लेबाजों की भिड़ंत भी है, जो स्मृति मंधाना और लौरा वोल्वार्ड्ट के बीच में है, मैदान पर बल्ले से कौन दहाड़ेगा, इसका फैसला आने वाला है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि ये मुकाबला अब ट्रॉफी से ज्यादा रनों की जंग बन चुका है.
मंधाना और वोल्वार्ड्ट के बीच 'रन क्वीन' की टक्कर
दरअसल, वर्ल्ड कप 2025 में मंधाना और वोल्वार्ड्ट दोनों का बल्ला अब तक आग उगलता नजर आया है. दोनों ने अपनी टीमों को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. वोल्वार्ड्ट फिलहाल टूर्नामेंट की टॉप रन-स्कोरर बनी हुई हैं, जबकि मंधाना उनसे सिर्फ 81 रन पीछे हैं. यानी अगर फाइनल में मंधाना का बल्ला चला तो वो अफ्रीकी कप्तान को पछाड़कर इस वर्ल्ड कप की रन क्वीन बन जाएंगी. वोल्वार्ड्ट ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 169 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर धमाका किया, जबकि मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार 109 और इंग्लैंड के खिलाफ 88 रन ठोककर अपने तेवर दिखा दिए थे. दोनों बल्लेबाजों ने अब तक एक-एक शतक और दो-दो अर्धशतक लगाए हैं.
भारत और अफ्रीका दोनों के लिए फाइनल बेहद खास
भारत और साउथ अफ्रीका दोनों के लिए ये फाइनल बेहद खास है. दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में उतार-चढ़ाव के बाद जबरदस्त वापसी की है. साउथ अफ्रीका ग्रुप स्टेज में 7 में से 5 मैच जीतकर तीसरे स्थान पर थी, जबकि भारत ने 3 मैच जीतकर चौथे नंबर से सेमीफाइनल में जगह बनाई. लेकिन भारत ने जिस अंदाज में 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराया, उसने पूरी दुनिया को चौंका दिया. अब हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम एक बार फिर इतिहास रचने की तैयारी में है. वहीं साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट भी इस फाइनल को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा मैच मान रही हैं. वो शानदार फॉर्म में हैं और उनके बल्ले से अभी तक 500 से ज्यादा रन निकल चुके हैं. लेकिन भारत की ओर से मंधाना अकेली नहीं हैं उनके साथ जेमिमा रॉड्रिग्ज और कप्तान हरमनप्रीत कौर भी शानदार फॉर्म में हैं. फैंस को उम्मीद है कि मंधाना अपने बल्ले से ऐसा कमाल करेंगी जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा.