
Chinese firecrackers: मुंबई में सीमा शुल्क खुफिया निदेशालय (DRI) ने “ऑपरेशन फायर ट्रेल” के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। अधिकारियों ने चीन से अवैध रूप से आयात किए गए लगभग ₹4.82 करोड़ मूल्य के चाइनीज पटाखे और आतिशबाजी सामग्री जब्त की है। जांच में पता चला कि ये पटाखे मुंबई के न्हावा शेवा पोर्ट से गुजरात भेजे जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। यह मामला त्योहारों के सीजन में सुरक्षा एजेंसियों के लिए सतर्कता का बड़ा संकेत माना जा रहा है।
कपड़ों के नाम पर छिपाकर भेजे जा रहे थे पटाखे
डीआरआई अधिकारियों को खुफिया सूचना मिली थी कि चीन से आए एक कंटेनर में प्रतिबंधित आतिशबाजी का सामान छिपाकर भेजा जा रहा है। जांच के दौरान न्हावा शेवा पोर्ट पर एक 40 फीट लंबे कंटेनर को रोका गया, जिसके दस्तावेज़ों में "लेगिंग्स" दर्ज थीं। लेकिन जब अधिकारियों ने कंटेनर की गहन तलाशी ली, तो कपड़ों की परतों के पीछे से 46,640 टुकड़े आतिशबाजी और पटाखों के मिले। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि यह माल गुजरात के अंकलेश्वर के लिए जा रहा था। इसके बाद गुजरात के वेरावल से एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ेंःActor Asrani passes away: 84 वर्ष की उम्र में अभिनेता असरानी का निधन, परिवार ने चुपचाप किया अंतिम संस्कार
बिना लाइसेंस आतिशबाजी पर सख्ती
भारत में आतिशबाजी और पटाखों का आयात ‘प्रतिबंधित श्रेणी’ में आता है, जिसके लिए डीजीएफटी और पीईएसओ से वैध लाइसेंस लेना जरूरी होता है। अधिकारियों ने बताया कि बिना अनुमति ऐसे विस्फोटक सामान का आयात सार्वजनिक और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों के लिए गंभीर खतरा है। डीआरआई ने कहा कि वह ऐसे तस्करी नेटवर्क पर लगातार नजर रखे हुए है और आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े और लोगों पर भी शिकंजा कस सकता है। यह कार्रवाई त्योहारों से पहले की गई सबसे बड़ी एंटी-स्मगलिंग ऑपरेशनों में से एक मानी जा रही है।